देश के चार विख्यात वैज्ञानिकों काे गोयल पुरस्कार से सम्मानित करेगी Kurukshetra University

हरिभूमि न्यूज. कुरुक्षेत्र
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय ने देश के चार विख्यात वैज्ञानिकों, प्रो. एनके मेहरा (एम्स, नई दिल्ली), प्रो. ए अजयाघोष (सीएसआईआर, निस्ट, थिरुवंन्थीपुरम), प्रो. श्याम सुंदर (बीएचयू.,वाराणसी) एवं प्रो. रोहिनी गोडबोले (आईआईएससी, बैंगलोर) का चयन गोयल पुरस्कार के लिए किया है। प्रत्येक पुरस्कार में एक मेडल, प्रशस्ति पत्र एवं दो लाख रुपये नकद शामिल है।
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति एवं चयन समिति के अध्यक्ष प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने बताया कि इन वैज्ञानिकों ने क्रमश: व्यवहारिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान एवं भौतिक विज्ञान में विशेष योगदान दिया है। चयन समिति के उपाध्यक्ष एवं डोनर स्व. श्रीराम एस गोयल के नॉमिनी प्रो. एसपी सिंह ने बताया कि प्रो. मेहरा ने ट्रांसप्लांट इम्यूनोलॉजी एवं इम्यूनोजेनेटिक्स के क्षेत्र में जबकि प्रो. अजयाघोष ने बायोलॉजी में मटेरियल केमिस्ट्री के उपयोग पर विशिष्ट काम किया है।
प्रो. श्याम सुंदर वाइसेरल लेशमैनियासिस के उपचार में अग्रणी रहें हैं और उनके द्वारा विकसित दवा मिल्टेफास्टिन कई देश प्रयोग कर रहे हैं। पद्मश्री प्रो. रोहिनी गोडबोले ने हाई एनर्जी फिजिक्स में विशेष योगदान दिया है। प्रो. एसपी सिंह ने बताया कि प्रो. गोडबोले ने लीलावतीज डॉटर पुस्तक का संकलन किया है जिसमें प्रसिद्ध भारतीय महिला वैज्ञानिकों के योगदान को बताया गया है। गोयल पुरस्कार की स्थापना 1992 में बसे एनआरआई स्व. श्रीराम एस गोयल द्वारा की गई है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS