करनाल : घरौंडा में कुट्टू का आटा बना उपवासधारियों की जान का आफत, दो दर्जन से अधिक लोगों की तबीयत बिगड़ी

घरौंडा : नवरात्रि पर फलाहार के रूप में खाए जाने वाला कुट्टू का आटा व्रतधारियों की जान का आफत बन गया। कुटटू के आटे के पकवान खाने से शहर व ग्रामीण क्षेत्रों में दो दर्जन से ज्यादा लोगों की तबीयत बिगड़ गई। आनन-फानन में सभी घरौंडा के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया। अस्पताल में अफरा तफरी का माहौल देखने को मिला। कुछ मरीजों को तो प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी, जबकि अधिकतर को अस्पताल में भर्ती कर लिया और दो की हालत गंभीर देखते हुए करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में रेफर कर दिया। लोगों का आरोप है कि मार्केट में कुट्टू का खराब और पुराना आटा सप्लाई हो रहा है और यहीं कारण है कि इतनी भारी संख्या में लोगो की तबियत बिगड़ गई। लोगों ने प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाए है।
शनिवार को पहला नवरात्रि शुरू हुआ। श्रद्धालुओं ने दुर्गा मां की उपासना कर संध्या समय कुट्टू व शामक के आटे से बने पकवान खाए। जिसके बाद उपवासधारियों की हालत खराब होनी शुरू हो गई। तबियत बिगड़ी तो लोगों के घरों में हाहाकार मच गया। किसी को कंपकपी महसूस होने लगी तो किसी को उल्टी और दस्त शुरू हो गए। किसी का बेटा-बहू बीमार हुआ तो किसी का बच्चा और किसी का पति। कुछ बुजुर्ग भी अस्पतालों में उपचाराधीन है। शनिवार की आधी रात को ही सरकारी अस्पताल में मरीज आना शुरू हो गए थे। जिसके बाद डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया।
रविवार की सुबह तक अस्पताल के सभी बैड मरीजों से भरे हुए थे। एक-एक बेड पर दो-दो मरीजों को लेटाया हुआ था। अराईपुरा के कुलबीर सिंह, रीटा, बाला, निशांत, अजय, विनोद व अन्य का आरोप है कि जो आटा दुकानों पर बिक रहा है, वह ऑउटडेटिड है। मुनाफाखोर लोगों की आस्था और स्वास्थ्य दोनों से खिलवाड़ कर रहे है। जिसका नतीजा है कि आज घरौंडा व ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों की हालत खराब हुई है, लेकिन ऐसे मुनाफाखोरों के खिलाफ प्रशासन कोई एक्शन नहीं लेता।
सरकारी अस्पताल में इन इलाको से भर्ती हुए मरीज
सरकारी अस्पताल में वार्ड छह की प्रिया (23 वर्ष) पुत्री राजसिंह, घरौंडा की शिमला (65 वर्ष) पत्नी रामपाल, कमल (38 वर्ष) पुत्र कृष्ण वार्ड-17, ज्योति (34 वर्ष) पत्नी कमल वासी वार्ड 17, चेतन (38 वर्ष) पुत्र सुरेश वासी वार्ड-13, वेदपाल (37 वर्ष) पुत्र सतपाल वार्ड-17, ममता (43 वर्ष) पत्नी विनोद वार्ड-17, मंजू (8 वर्ष) पुत्री सोनू वार्ड-6, ममता (42 वर्ष) पत्नी नवीन कुमार घरौंडा, मुस्कान (18 वर्ष) पुत्री नवीन कुमार घरौंडा, सुभाष (64 वर्ष) पुत्र प्रेमनाथ वार्ड-17, गूंजन (8 वर्ष) पुत्री वेदपाल वार्ड-17, संतोष (63 वर्ष) पत्नी सुभाष घरौंडा, रीटा (56 वर्ष) पत्नी प्रमोद घरौंडा, बाला देवी (70 वर्ष) पत्नी राकेश वार्ड-14, रवि (35 वर्ष) पुत्र राजू वार्ड-15, कुलबीर सिंह (50 वर्ष) पुत्र जिले सिंह अराईपुरा, विशाल (18 वर्ष) पुत्र पुष्पेंद्र अराईपुरा, अजय (20 वर्ष) पुत्र रामभूल अराईपुरा, विनोद (36 वर्ष) पुत्र ओमप्रकाश वार्ड-17, बाला देवी (62 वर्ष) पत्नी राकेश घरौंडा, रवि (35 वर्ष) पुत्र राजू वार्ड-15, सरोज (30 वर्ष) पत्नी रवि वार्ड नंबर 15 घरौंडा भर्ती हुए।
आधी रात को ही अस्पताल में मरीज आने शुरू हो गए थे। सभी को फूड पोइजनिंग की ही समस्या थी। किसी को घबराहट हो रही थी तो किसी को उल्टी दस्त आ रहे थे। मरीजो से बात करने पर पता चला है कि इन्होंने कुट्टू के आटे से बने पकवान खाए थे। जिसकी वजह से हालत खराब हुई। मरीजों को उपचार दिया जा रहा है। दो को करनाल रेफर भी किया गया है। -डॉ. अजय, सीएचसी घरौंडा।
नायब तहसीलदार इंदरजीत अस्पताल में मरीजो का हाल चाल पूछते हुए।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS