यमुनानगर : जमीनी विवाद में दो पक्षों में जमकर चले लाठी-डंडे, 11 लोगों के खिलाफ केस दर्ज

हरिभूमि न्यूज. यमुनानगर। गांव चनेटी में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले। मारपीट में दोनों पक्षों के आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने मामले की जांच के बाद दोनों पक्षों के 11 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार थाना शहर जगाधरी पुलिस को दी शिकायत में गांव चनेटी निवासी मनप्रीत कौर ने बताया कि उसके परिवार के सदस्य श्याम सिंह उनकी जमीन हड़पना चाहते हैं। गत मंगलवार को वह खेतों से मिट्टी उठवा रहे थे तो श्याम सिंह के बेटे सतबीर, कर्मवीर, धर्मवीर,रजत,अनिता, करनैलो व जसवंती ने अन्य साथियों के साथ उन पर लाठी डंडो से हमला कर दिया। हमले में उनके परिवार के कई सदस्य घायल हो गए। पुलिस ने कर्मवीर, सतबीर, धर्मवीर, रजत, अनीता, करनैलो व जसवंती समेत अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।
वहीं, दूसरे पक्ष से करनैलो देवी ने अपनी शिकायत में कहा कि उनकी जमीन का अभी बंटवारा नहीं हुआ है। गत मंगलवार शाम चार बजे वह अपनी देवरानी अनीता, चाची बंतो देवी खेतों में गई थी। उन्होंने देखा कि अमरजीत व मनप्रीत समेत अन्य लोग उनके खेतों से मिट्टी उठा रहे थे। उन्होंने आरोपितों को रोका तो उन्होंने उन पर हमला कर दिया। उसका देवर धर्मबीर व भांजा गांव मांडखेड़ी निवासी रजत उन्हें बचाने आए तो आरोपितों ने उन दोनों पर भी हमला कर दिया। करनैलो ने आरोप लगाया कि आरोपित जसन सिंह ने तलवार से रजत पर वार किया जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जसन, मनप्रीत कौर, अमरजीत व प्रदीप कुमार के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।
युवती से छेड़छाड़ व मारपीट के आरोप में पिता-पुत्र के खिलाफ केस दर्ज
बिलासपुर क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि झगूड़ी निवासी विशाल काफी समय से उसे परेशान कर रहा था। इस बारे में उसके परिजनों ने विशाल व उसके पिता नर सिंह से बात की। इसके बावजूद आरोपित अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। आरोप है कि विशाल ने अपने पिता के साथ मिलकर उसे व उसकी मां के साथ मारपीट की। आरोपित ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने विशाल व नर सिंह के खिलाफ छेड़छाड़ व मारपीट का केस दर्ज कर लिया।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS