करनाल में लाठीचार्ज : पूरे हरियाणा में किसानों ने केजीपी-केएमपी सहित हाईवे और टोल प्लाजा किए जाम, तस्वीरों में देखें

करनाल में किसानों पर हुए लाठी चार्ज को लेकर गुस्साए किसानों ने पूरे प्रदेश में जाम लगा दिया। किसानों ने सभी हाईवे और टोल प्लाजों पर जाम लगा दिया है। जाम के कारण हाईवों और रोडों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं। पुलिस ने जगह-जगह डाइवर्ट करना शुरू किया है। वहीं किसान नेता गुरनाम सिंह चढूनी ने चेतावनी देते हुए कहा, जब तक हमारे गिरफ़्तार किसान साथियों को रिहा नहीं किया जाता तब तक सभी रोड और टोल प्लाजा जाम रहेंगे।
जींद में 22 जगह लगाया गया जाम
किसानों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में जींद में किसानों व अन्य संगठनों ने जिले में 22 स्थानों पर नेशनल व स्टेट हाइवे व लोकल मार्गों पर जाम लगा दिया। जिसके चलते जींद-रोहतक, जींद-पटियाला, जींद-कैथल, जींद-करनाल, जींद-सफीदों, असंध-पानीपत, जींद-हिसार, हिसार-चंडीगढ, जींद-भिवानी, जींद-बरवाला, नरवाना-टोहाना मार्ग बाधित हैं।
सिरसा में 9 जगह रोके रास्ते
किसानों ने सिरसा में 9 जगहों पर जाम लगा दिया। विभिन्न किसान संगठनों के नेताओं ने अलग-अलग जगहों पर राष्ट्रीय व राजकीय मार्ग बंद करते हुए धरना दिया और मुख्यमंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। रोडजाम के चलते वाहन चालकों को दूसरे मार्गों से होकर गुजरना पड़ा। जिला में पड़ने वाले दोनों टोल प्लाजे भी किसानों ने जाम कर दिए।
फतेहाबाद में जिलेभर की सड़कों को किया जाम
फतेहाबाद में जगह-जगह किसानों ने सड़कों को जाम कर प्रदर्शन किया। किसानों ने रतिया रोड पर बाईपास पुल के समीप, नेशनल हाईवे 9 बाईपास पर किसान लंगर स्थल के पास, भूना के गांव ढाणी गोपाल, भट्टू के गांव पीलीमंदौरी में जाम लगा दिया वहीं रतिया में किसानों ने बुढलाडा रोड व जाखल में कुलां रोड पर जाम लगाकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
बहादुरगढ़ : लाठीचार्ज से गुस्साए किसानों ने सड़कों पर लगाया जाम
करनाल में किसानों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में जगह-जगह प्रदर्शन हुए। यहां बहादुरगढ़ में भी किसान उग्र हो गए। आंदोलनकारी किसानों व आसपास के ग्रामीणों ने नेशनल हाइवे-9 पर जाखोदा बाईपास व पीडीएम फ्लाईओवर के नजदीक जाम लगा दिया। जबकि रोहद टोल और नयागांव बाईपास चौक के नजदीक पुतला फूंका। सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
भिवानी में कितलाना टोल पर लगाया जाम
किसानों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में किसानों ने भिवानी के कितलाना टोल पर जाम लगा दिया जो संयुक्त किसान मोर्चा के निर्णयानुसार पांच बजे तक जारी रहा। टोल के दोनों और वाहनों की लंबी कतार लग गई। किसानों ने कहा कि आगे भी मोर्चा के आदेशों का पालन किया जाएगा और सरकार की कायराना हरकतों का मुंह तोड़ जवाब दिया जाएगा।
हिसार में 9 स्थानों पर राेके रास्ते
करनाल में आंदोलनकारियों पर लाठीचार्ज करने के विरोध में जिले के सभी टोल सहित 9 स्थानों पर संयुक्त किसान मोर्चा के सदस्य तथा ग्रामीणों ने जाम लगा दिया। जिले में रामायण टोल, चौधरीवास टोल, चिकनवास टोल व बाडोपट्टी टोल के अलावा सूरेवाला चौक, अग्रोहा-बरवाला मार्ग, बरवाला-हांसी मार्ग, हिसार-तोशाम मार्ग तथा हांसी-चंडीगढ़ मार्ग को अवरोधक लगाकर जाम कर दिया।
कुरुक्षेत्र में जगह-जगह जाम
करनाल में किसानों पर किए लाठीचार्ज के बाद जि़ला में जगह-जगह पर किसानों ने रोड जाम किया। किसानों ने अंबाला हिसार हाईवे पिहोवा थाना टोल प्लाजा, पिहोवा में ही गांव टिकरी व कराह साहिब, शाहबाद में पुलिस स्टेशन के सामने जीटी रोड पर व यमुनानगर मार्ग पर बसंल अस्पताल के पास जाम लगाया। इसके अलावा कुरुक्षेत्र में उमरी जीटी रोड पर शनिवार को जाम लगाकर भाजपा सरकार व पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
सोनीपत में केजीपी व केएमपी पर लगाया जाम, कई राज्यों के लोग फंसें
बसताड़ा टोल पर किसानों के खिलाफ लाठीचार्ज के विरोध में सिंघु बॉर्डर पर धरना दे रहे किसानों ने केजीपी-केएमपी पर भी जाम लगा दिया। शनिवार शाम किसान भारी संख्या में केजीपी-केएमपी के जीरो प्वाइंट पर पहुंचें और जाम लगा दिया। पहले से ही सिंघु बॉर्डर बंद होने के कारण दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र में आने-जाने का एकमात्र साधन केजीपी-केएमपी थे, जोकि शनिवार को बंद हो गए। खास बात यह रही कि किसानों ने एंबुलैंस से लेकर दुपहिया वाहन चालकों तक को नहीं निकलने दिया, जिसके कारण किसानों की वाहन चालकों के साथ तीखी बहस भी हुई। जाम में फंसी महिलाओं व बच्चों को भी परेशानी उठानी पड़ी और घंटों गर्मी के बीच सड़क पर खड़े रहकर इंतजार करना पड़ा।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS