ताऊ देवीलाल के जन्मदिवस पर एक मंच पर जुटे दिग्गज नेता, नीतीश कुमार बोले- देश में तीसरा नहीं, मुख्य गठबंधन होगा

ताऊ देवीलाल के जन्मदिवस पर एक मंच पर जुटे दिग्गज नेता, नीतीश कुमार बोले-   देश में तीसरा नहीं, मुख्य गठबंधन होगा
X
रैली में देश के अलग- अलग पार्टियों के कई नेताओं को आमंत्रित किया गया है। रैली में नेताओं और समर्थकों का पहुंचना शुरू हो गया ।

फतेहाबाद। इंडियन नेशनल लोक दल (INLD) द्वारा जननायक चौधरी देवीलाल जयंती पर फतेहाबाद में आयोजित सम्मान दिवस रैली में एक बार फिर थर्ड फ्रंट के नेता मंच पर नजर आए। इस रैली में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, एनसीपी प्रमुख शरद पंवार, माकपा नेता सीताराम येचुरी, पंजाब के पूर्व डिप्टी सीएम सुखबीर सिंह बादल, जेडीयू नेता केसी त्यागी पहुंचे और चौधरी देवीलाल को श्रद्धासुमन अर्पित किए। पूर्व मुख्यमंत्री एवं इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला और रैली के संयोजक अभय सिंह चौटाला ने रैली में पहुंचने पर इन नेताओं का स्वागत किया। रैली को लेकर कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह नजर आया। लोग हरी पगड़ी पहने और हाथों में इनेलो का झंडा लेकर रैली में पहुंचे।


सम्मान दिवस रैली को संबोधित करते हुए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि देश के मौजूदा हालात को देखते हुए सभी विपक्ष दल एकजुट हो ताकि देश को बचाया जा सके। उन्होंने कहा कि देश में तीसरा गठबंधन नहीं, मुख्य गठबंधन होगा।

नीतीश कुमार ने कहा कि इस मंच पर देश के प्रमुख राजनीतिक दलों के नेता मौजूद हैं। उन्होंने कांग्रेस से भी अनुरोध किया कि वे भाजपा के खिलाफ इस लड़ाई में उनका साथ दे। उन्होंने कहा कि देश में विपक्षी दलों को एकजुट करने में उनका कोई व्यक्तिगत इच्छा नहीं है। वे चाहते हैं कि देश आगे बढ़े और सबका विकास हो। उन्होंने कहा कि भाजपा ने पिछड़ा राज्य बिहार के लिए जब कुछ नहीं किया। जब उन्हें यह गलत लगा और वे उससे अलग हो गए। आज बिहार में सात पार्टियां एफ तरफ है जबकि दूसरी तरफ केवल पार्टी बची है। उन्होंने इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला से आगे भी ज्यादा से ज्यादा पार्टियों को एकजुट करने का आह्वान किया। नितिश कुमार ने देवीलाल परिवार के साथ अपने रिश्तों को याद करते हुए कहा कि यह रिश्ता टूटने वाला रिश्ता नहीं है। भाजपा पर बरसते हुए नितिश ने कहा कि जब वह चुनाव लड़ रहे थे तो भाजपा के लोगों ने उनके उम्मीदवार हराने का काम किया और सरकार के कामों में बाधा डाल रहे थे जिस कारण उन्होंने भाजपा से अलग होने का फैसला किया।


वहीं अभय सिंह चौटाला ने बताया कि मेघालय के राज्यपाल सतपाल मलिक ने आना था। उनकी मजबूरी रही और आंख का ऑप्रेशन था, इस कारण वे रैली में नहीं पहुंच पाए लेकिन उन्होंने अपना संदेश भेजकर चौधरी देवीलाल को श्रद्धांजली दी है। रैली में उनके द्वारा भेजे गए वीडियो संदेश को भी सुनाया गया। सतपाल मलिक ने कहा कि उनके चौधरी देवीलाल के साथ अच्छे सम्बंध रहे हैं। चौधरी देवीलाल ने किसानों को ताकत दी, लडऩा सीखाया और संगठित किया। दिल्ली सरकार को बदलने में उनका बड़ा योगदान था। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे चौधरीदेवीलाल द्वारा बताए गए रास्ते पर चले।



एमएसपी की गारंटी दो, वरना गद्दी छोड़ दो : केसी त्यागी

जेडीयू नेता केसी त्यागी ने कहा कि देश में जब-जब बदलाव को लेकर क्रांतियां हुई हैं वह हरियाणा और बिहार से शुरू हुई हैं। उन्होंने कहा कि आज देश में परिवर्तन का समय है। जब देश में 8 पूर्व सीएम कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो चुके हैं, जिनमें पंजाब भी शामिल है। उनहोंने कहा कि एक तरफ जहां आज दिल्ली दरबार में अपने पाप छिपाने के लिए नतमस्तक होने की होड़ लगी है वहीं दूसरी ओर दिल्ली दरबार को चुनौती देने के लिए नितिश कुमार जैसे नेता चलकर आपके पास आए हैं। उन्होंने कहा कि देश के गृहमंत्री कह रहे हैं कि नितिश कुमार ने देवीलाल को छोड़ दिया लेकिन वे उन्हें बताना चाहते हैं कि देवीलाल की सभी पुश्तों के साथ नितिश कुमार का रिश्ता रहा है। जब अपने छोड़कर जा रहे थे, अच्छे व बुरे दिनों में नितिश कुमार देवीलाल परिवार के साथ रहे। उन्होंने कहा कि आज देश में परिवर्तन की हवा चली है। इस रैली से विपक्षी दलों की देश की राजनीति में इकट्ठा होने की शुरूआत हुई है। उन्होंने कहा कि चौधरी देवीलाल का सपना था कि किसानों के हाथ में राज आए लेकिन आज भाजपा राज में किसानों को सड़क पर उतरना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि आज रैली में प्रस्ताव पास हो कि किसानों की फसलों की एमएसपी पर खरीद के लिए कानून बने। अगर दिल्ली सरकार कानून नहीं बनाती तो किसान उसे उखाड़ फैकेंगे। उन्होंने एमएसपी की गारंटी दो, वरना गद्दी छोड़ दो का नारा दिया।


आम आदमी पार्टी झूठी और फरेबी : सुखबीर बादल

सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि इनेलो और अकाली दल दो सगे भाई है, हमेशा संघर्ष में इकट्ठे रहे हैं और किसानों की आवाज उठाई है। उन्होंने कहा कि एमएसपी का वायदा कर सत्ता में आने वाली भाजपा आज किसानों से किए सभी वायदो को भूल गई है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में जब भी इनेलो सत्ता में आई, हमेशा किसानों, गरीबों व मजदूरों को उनके हक देने का काम किया। बुजुर्गों को पेंशन चौधरी देवीलाल की ही देन है। इनेलो ने ही गांवों में बनी मण्डियां बनाई। ऐसे ही पंजाब में किसानों, गरीबों व बुजुर्गों को आज जो मिल रहा है, वह पूर्व सीएम प्रकाश सिंह बादल की देन है। रैली में मंच पर मौजूद नेताओं को असली एनडीए बताते हुए कहा कि जब एनडीए बना तब भाजपा के सिर्फ 2 सांसद थे। शिवसेना, अकाली दल, जेडीयू, इनेलो ही एनडीए को बनाने वाले हैं। आम आदमी पार्टी को घेरते हुए उन्होंने कहा कि हरियाणा की जनता ऐसे झूठे व फरेबी दलों से बचे। ये कहते कुछ है और करते कुछ है।


बता दें कि सम्मान दिवस रैली में बिहार के सीएम नीतीश कुमार, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, तेलंगाना मुख्यमंत्री चंद्रशेखर राव, पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल, NCP प्रमुख शरद पवार, सुखबीर बादल, कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एचडी दैवगौड़ा, जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूख अब्दुला, पूर्व मुख्यमंत्री गुलाम नबी आजाद, आंध्र प्रदेश के पूर्व सीएम चंद्र बाबू नायडू,माकपा नेता सीताराम येचुरी, यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, जयंत चौधरी, महाराष्ट्र के पूर्व सीएम उद्धव ठाकरे और राजस्थान के सांसद हनुमान बैनीवाल को न्यौता दिया गया था।

Tags

Next Story