हरियाणा में विधायकों और मंत्रियों को बजट से बेहद उम्मीदें, विपक्ष को जवाब की तैयारी में सत्तापक्ष

योगेंद्र शर्मा : चंडीगढ़
प्रदेश के मुख्यमंत्री और वित्तमंत्री मनोहरलाल लगातार दूसरी बार हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के दौरान बजट पेश करेंगे। इस बजट को लेकर विपक्षी नेताओं को अभी से कोई उम्मीद नजर नहीं आ रही वहीं सत्तापक्ष से मंत्रियों और विधायकों को बेहद उम्मीद लगी हुई है। राज्य के अधिकांश मंत्री राज्य के बजट को केंद्र की तरह से कल्याणकारी होने का दावा कर रहे हैं। वहीं प्रदेश के लोगों को राहत देने के लिए राज्य में स्वास्थ्य देखभाल, शिक्षा, किसान मजदूर कल्याण, राज्य में सस्ती परिवहन व्यवस्था, शिक्षा, व्यापारी विद्यार्थी., युवा वर्ग सभी के कल्याण के लिए कुछ ना कुछ तोहफा होने का दावा कर रहे हैं।
प्रदेश के परिवहन विभाग और खनन मंत्री मूलचंद शर्मा का कहना है कि विपक्षी नेताओं को लोगों ने पहले ही नकार दिया था। इसीलिए बजट आने से पहले ही आलोचना और भ्रम फैलाना ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि राज्य में अवैध वाहनों पर रोक लगाने के लिए चालान की मुहिम चल रही है। राज्य में बसों का बेडा भी हमारा प्रयास है कि एक हजार से ऊपर बढाया जाए। शर्मा का कहना है कि हरियाणा मनोहरलाल सरकार का बजट हर वर्ग के कल्याण को ध्यान में रखते हुए आएगा। किसान मजदूरों के हितैषी होने का दावा कर रहे विपक्षी नेताओं की असलियत उनके वक्त की सत्ता में लोग देख चुके हैं।
सत्तापक्ष की ओऱ से ही विधायक कृष्ण मिढ़ा और जजपा विधायक ईश्वर सिंह का कहना है कि पहली बार इस तरह का प्रयास है कि सीएम पक्ष विपक्ष के विधायकों से पहले ही लिखित में देकर सुझाव मांगते हैं। पिछले बार 2 सौ से ज्यादा सुझावों को बजट में शामिल किया था। इससे बड़ी लोकतांत्रिक व कल्याण की व्यवस्था नहीं हो सकती।
बजट केंद्रीय हो या फिर राज्य का जनकल्याणकारी : अनिल विज
प्रदेश के गृह एवं स्वास्थ्य विभाग के मंत्री अनिल विज का कहना है कि बजट भले ही राज्य का हो या फिर केंद्र का दोनों में जनकल्याण का ध्यान रखा जा रहा है। स्वास्थ्य सेवाओं के लिए रिकार्ड बढ़ोत्तरी इस बार केंद्र की ओऱ से की गई थी। इसी तरह से हमारी राज्य की सरकार भी राज्य. के लोगों के कल्याण का काम कर रही है, विपक्षी नेताओं की सत्ता के वक्त में क्या हाल था प्रदेश का बच्चा बच्चा जानता है। कानून व्यवस्था, सेहत और शिक्षा के साथ ही शहरी निकाय विभाग राज्य के हितों को ध्यान में ऱखकर, सभी का फीडबैक लेकर बजट तैयार हो रहा है। भाजपा सरकार और पार्टी लोकतांत्रिक व्यवस्था वाली पार्टी है, किसी परिवार की पार्टी नहीं अथवा किसी एक व्यक्ति का यहां पर राज नहीं चलता। विपक्ष के नेताओं को आलोचना करने से पहले अपने वक्त को याद कर लोगों से माफी मांगनी चाहिए।
प्रदेश प्रवक्ता और अन्य भाजपा नेताओं को भी पूरी उम्मीद है कि इस बार का मनोहर सरकार का बजट बेहतरीन व गरीबों के कल्याण के लिए होगा। डाक्टर संजय शर्मा प्रवक्ता, सरदार रमणीक सिंह मान, संजय आहूजा, नवीन गर्ग सभी का कहना है कि खुद सीएम प्रदेश के लोगों के कल्याण व हितों के लिए रात दिन काम कर रहे हैं।
प्रदेश की जनता की खुशहाली व तरक्की का संकल्प
प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष और पंचकूला विधायक ज्ञानचंंद गुप्ता कहना है कि हमारी सरकार पहली इस तरह की सरकार है, जिसकी प्राथमिकता जनता की खुशहाली, पारदर्शी व्यवस्था देना व प्रदेश को तरक्की तरफ ले जाना है। पूर्व की सरकारों के समय में क्या क्या खेल चलते थे, उसको दोहराने की जरुरत नहीं है। इसीलिए इस बार का बजट भी प्रदेश के लोगों का कल्याण करने वाला होगा, इसमें किसी भी तरह की कोई शंका की जरूरत नहीं हैं।
हरियाणा के लोगों को सस्ती परिवहन सेवा देने का संकल्प
हरियाणा के परिवहन और खनन मंत्री मूलचंद शर्मा का कहना है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री राज्य के लोगों को सस्ती परिवहन सेवा देने की दिशा में लगातार बेहतर नीतियां बनाने का काम कर रहे हैं। आने वाले वक्त में कईं योजनाओं को अमली जाामा पहनाया जाएगा। राज्य के परिवहन बेड़े को बढ़ाने के लिए हमने पूरी तैयारी कर ली है। उन्होंने कहा कि कोविड की चुनौती के बावजूद रोडवेज बेहतर काम कर रहा है। परिवहन मंत्री ने कहा कि राज्य में एक हजार से ज्यादा बसों की जरूरत है, उसके हिसाब से राज्य की परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने का काम करेंगे।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS