नारनौल में दौखेरा की पहाड़ियों में मिला तेंदुए का शावक, रोहतक चिड़ियाघर में भेजा, ग्रामीणों में हड़कंप

नारनौल में दौखेरा की पहाड़ियों में मिला तेंदुए का शावक, रोहतक चिड़ियाघर में भेजा, ग्रामीणों में हड़कंप
X
नांगल चौधरी खंड के गांव दौखेरा में शुक्रवार देर शाम करीब साढ़े सात बजे तेंदुए के बच्चे को देखा तथा इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचने उपरांत वन विभाग एवं वाइल्ड लाइफ की टीम को सूचित किया।

हरिभूमि न्यूज : नारनौल

दौखेरा की पहाड़ियों में तेंदुए का एक शावक (बच्चा) मिला है, जिससे ग्रामीणों में सनसनी फैल गई है। बाद में ग्रामीणों ने इसे पुलिस के हवाले कर दिया। वन्य जीव जंतु कल्याण विभाग की टीम ने इस बच्चे को रोहतक के चिड़ियाघर लेकर गई है, जहां इस बच्चे का पालन-पोषण किया जाएगा। यह बच्चा करीब तीन महीने का है।

जानकारी के मुताबिक नांगल चौधरी खंड के गांव दौखेरा में शुक्रवार देर शाम करीब साढ़े सात बजे तेंदुए के बच्चे को देखा तथा इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचने उपरांत वन विभाग एवं वाइल्ड लाइफ की टीम को सूचित किया। जिस पर वन राजिक अधिकारी रजनीश कुमार एवं वाइल्ड लाइफ के इंस्पेक्टर चरण सिंह रात्रि को ही गांव दौखेरा पहुंचे और तेंदुए के बच्चे को नारनौल लेकर आ गए। शनिवार प्रात: आवश्यक कागजी कार्यवाही करने उपरांत वाइल्ड लाइफ टीम तेंदुए के बच्चे को अपने कब्जे में लेकर रोहतक के चिड़ियाघर लेकर गई है, जहां पर इसका लालन-पालन किया जाएगा।

तेंदुए की तलाश में सघन सर्च अभियान चलाने की आवश्यकता

नारनौल दौखेरा की पहाड़ियों में तेंदुए का शावक मिलना इस बात की पुष्टि करता है कि यहां जंगली जानवर अब भी रहते हैं। ऐसे में यह बच्चा मिलने के बाद वाइल्ड लाइफ की टीम को शांत बैठने की बजाए इस बच्चे के जननी मादा व नर तेंदुआ की तलाश में सघन सर्च अभियान चलाने की आवश्यकता है। घटते वन्य जीवों की संख्या के बीच तेंदुए का बच्चा मिलना अपने आप में बड़ी खुशी की बात है और उम्मीद की जा सकती है कि वहां पर तेंदुए का जोड़ा भी रह रहा होगा। वैसे इससे पहले भी तेंदुआ कई बार देखा गया है। टहला में तेंदुए ने हमला कर दो लोगों को जख्ती कर दिया था। नायन की ढाणी चीमा में एक तेंदुआ मृतावस्था में मिला था। टहला-मुकुंदपुरा व दौखेरा की पहाड़ियों में कई बार जंगल जीव खासकर तेंदुए देखे गए हैं, लेकिन अब तक कोई भी जंगली जानवर पकड़ में नहीं आ पाया है।

Tags

Next Story