सरकारी स्कूलों में शिक्षा का स्तर सुधारने के लिए प्रयास : 100 विद्यार्थी तो 10 शिक्षक जाएंगें शैक्षणिक भ्रमण पर

Sonipat News : सरकारी स्कूलों (Government Schools) में शिक्षा के स्तर को ऊंचा उठाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। अपने इन्हीं प्रयासों में शिक्षा विभाग ने राजकीय स्कूलों के विद्यार्थियों को शैक्षणिक भ्रमण पर ले जाने का प्लान बनाया है। विषयों की समझ और अधिक अच्छी बनाने के लिए जिले भर से 100 विद्यार्थियों को अलग-अलग जगहों पर भ्रमण करवाया जाएगा। इसमें साइंस सिटी कपूरथला, अमृतसर में स्वर्ण मंदिर, अटारी बॉर्डर, जलियांवाला बाग व कुरुक्षेत्र में मुख्य स्थानों का भ्रमण विद्यार्थियों को करवाया जाएगा। इस दल में 100 विद्यार्थियों के साथ 10 शिक्षक भी शामिल होंगे। शैक्षणिक भ्रमण के लिए ऐसे विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा जो पहले भ्रमण पर ना गए हों।
शिक्षा विभाग की तरफ से 11वीं कक्षा में विज्ञान विषय या 10वीं कक्षा में 60 फीसदी से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। जिसमें प्रत्येक जिले से अधिकतम 110 विद्यार्थियों व शिक्षकों का दल रवाना होगा। इसमें 100 विद्यार्थी (50 लड़के व 50 लड़कियां) और विज्ञान विषय के 10 अध्यापक ( 5 अध्यापक, 4 अध्यापिकाएं व 1 नोडल अधिकारी) शामिल रहेंगे। चयनित विद्यार्थियों के अभिभावकों से सहमति पत्र भी लिया जाएगा। इसको लेकर स्कूल शिक्षा निदेशालय ने सभी जिलों को पत्र लिखकर चयनित विद्यार्थियों की सूची भी मांगी है। इस दौरान विद्यार्थी कपूरथला, अमृतसर, अटारी बॉर्डर व कुरुक्षेत्र में विभिन्न स्थानों का भ्रमण करेंगे।
एक स्कूल से अधिकतम 5 विद्यार्थियों का चयन
शिक्षा अधिकारियों का कहना है कि हर जिले से अधिकतम स्कूलों को शामिल कर एक स्कूल से अधिकतम 5 विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार किताबों में पढ़ने से बच्चों को ज्यादा समझ नहीं आता और वे किताबों में पढ़ने के बाद इन चीजों को जल्द भूल भी जाते हैं। जिसे देखते हुए विद्यार्थियों को प्रायोगिक तरीके से विषय की समझ करवाने के लिए उन्हें भ्रमण पर ले जाया जा रहा है। इससे विद्यार्थियों के जहन में ऐतिहासिक स्थलों की छाप छूटेगी और उन्हें बेहतर तरीके से विषय समझ भी आएंगे। भ्रमण को लेकर जिला विज्ञान विशेषज्ञ डॉ. सतीश कुमार और जिला गणित विशेषज्ञ डॉ. नीति को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
शिक्षा विभाग की तरफ से 11वीं कक्षा के विज्ञान संकाय या 10वीं कक्षा में 60 फीसदी से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को शैक्षणिक भ्रमण पर ले जाया जाएगा। 5 दिवसीय यात्रा में विद्यार्थियों को कपूरथला, अमृतसर, अटारी बॉर्डर व कुरुक्षेत्र के अहम स्थलों पर भ्रमण कराया जाएगा। - डॉ. सतीश कुमार, नोडल अधिकारी एवं जिला विज्ञान विशेषज्ञ, सोनीपत
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS