Lootery Dulhan : 40 दिन पहले हुई थी शादी, देवरानी को चपत लगा गई नई नवेली दुल्हन, गहने लेकर फरार

Lootery Dulhan : 40 दिन पहले हुई थी शादी, देवरानी को चपत लगा गई नई नवेली दुल्हन, गहने लेकर फरार
X
सरोजबाला ने बताया कि जींद की रीना नाम की महिला ने करीब 40 दिन पहले उसके जेठ संदीप के साथ शादी की थी। इसके बाद वह एक कंपनी में खुद के लिए नौकरी तलाश करने की बात कहकर घर से कहीं चली गई।

सोनीपत। सोनीपत के मुरथल थाना क्षेत्र के गांव कुराड़ में महज चालीस दिन पहले युवक से शादी करके ससुराल में रहने के बाद अपनी देवरानी के आभूषण लेकर नई नवेली दुल्हन लापता हो गई। पीड़ित देवरानी ने मामले को लेकर पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने आरोपी दुल्हन के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

गांव कुराड़ निवासी सरोजबाला ने बताया कि उनके पास जींद की रहने वाली रीना नाम की एक महिला करीब 40 दिन पहले आई थी। रीना उसके जेठ संदीप के साथ शादी करके गांव में उनके घर पर ही रहने लगी। इसके बाद वह एक कंपनी में खुद के लिए नौकरी तलाश करने की बात कहकर घर से चली गई। उसके बाद वह वापस नहीं लौटी। उसे हर संभव स्थान पर तलाश किया गया, लेकिन कहीं पर पता नहीं चला। उन्होंने घर की अलमारी चेक की तो उसमें रखे आभूषण गायब मिले। अलमारी में रखे हुए दो तौला सोने की चेन, सोने के कानों के दो जोड़ा, सोने की अंगुठी, एक सोने का मंगलसूत्र और चांदी की एक तगड़ी नहीं मिले। वह आभूषणों को लेकर फरार हो गई।

मामले को लेकर मुरथल थाना पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी कृष्ण कुमार ने बताया कि घर से आभूषण लेकर विवाहिता के फरार होने के आरोप की शिकायत मिली है। उसकके खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस ने आरोपी रीना का फोटो आसपास के जिलों की पुलिस को भी भेज दिया है। वहीं महिला के बारे में जींद पुलिस से भी सहयोग मांगा गया है।


Tags

Next Story