बड़ा हादसा : खड़े ट्रक में टकराई क्रूजर, 5 की मौत, 12 लोग घायल, अस्थियां विसर्जित करके लौट रहा था परिवार

हरिभूमि न्यूज. रेवाड़ी/बावल
मंगलवार सुबह दिल्ली-जयपुर नेशनल हाइवे पर ओढ़ी कट के निकट हुए भयानक सड़क हादसे में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 अन्य घायल हो गए। मृतकों में 2 महिलाएं शामिल हैं। हादसा कू्रजर जीप आगे धीमी रफ्तार से चल रहे ट्रक से टकरा जाने के कारण हुआ। इसके बाद क्रूजर गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। घायलों को बावल के सरकारी अस्पताल में दाखिल कराया गया है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
जयपुर के सामोद गांव का एक परिवार मंगलवार सुबह करीब सवा 4 बजे एक बुजुर्ग की अस्थियां विसर्जित करने के बाद हरिद्वार से घर लौट रहा था। यह परिवार एक क्रूजर जीप में सवार था, जिसमें परिवार के सदस्यों और रिश्तेदारों समेत 17 लोग सवार थे। ओढ़ी कट के निकट तेज गति से चल रही क्रूजर गाड़ी आगे धीमी रफ्तार से चल रहे ट्रक में घुस गई। इस हादसे में क्रूजर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इसमें सवार 35 वर्षीय भानूराम, 32 वषीय महेंद्र, 16 वर्षीय आशीष, 95 वर्षीय भौरी देवी व करीब 35 वर्षीय सुगमा देवी की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस और आसपास के लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। इनमें दो ही हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने केस दर्ज करने के बाद जांच शुरू कर दी है।
चालक की गलती से हुआ हादसा
घटना के समय क्रूजर गाड़ी बहुत ही तेज गति से चल रही थी। ऐसा माना जा रहा है कि क्रूजर चालक को नींद की झपकी आ गई, जिससे गाड़ी आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। इसी गाड़ी में सवार एक महिला ने मौके पर मौजूद लोगों को बताया कि वह बार-बार चालक को धीरे गाड़ी चलाने के लिए बोल रही थी, परंतु चालक उसकी बात को अनसुना करता रहा। हादसे की भयानकता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा रहा है कि हाईवे पर दूर तक क्रूजर गाड़ी के टुकड़े बिखर गए। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS