हरियाणा में दर्दनाक सड़क हादसा : ऑटो को टक्कर मारकर ऊपर गिरा ट्रक, नीचे दबने से 7 लोगों की मौत, 4 घायल, देखें तस्वीरें

हरिभूमि न्यूज : नूंह
नूंह में पुनहाना - होडल मार्ग पर शुक्रवार दोपहर बाद करीब 3 बजे मढ़िया की मोड़ पर हाईवा ट्रक ने सवारियों से भरे थ्री व्हीलर में टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद दोनों वाहन सड़क से नीचे गड्ढों में जा गिरे। हाईवा थ्री व्हीलर के ऊपर गिर गया, जिससे थ्रीव्हीलर में सवार ज्यादातर सवारियां हाईवा के नीचे दब गई। इस घटना में दो महिलाओं सहित 7 लोगों की मौत हो गई तथा दो-तीन बच्चों सहित चार लोग गम्भीर रूप से घायल हो गए।
हादसा इतना भयानक था कि ट्रक के नीचे दबे थ्री व्हीलर और लोगों को क्रेन की मदद से काफी देर बाद बाहर निकाला जा सका। इस दौरान बरसात ने भी राहत व बचाव कार्य में काफी बाधा उत्पन्न की, जिन्हें पुनहाना सीएचसी से राजकीय शहीद हसन खान मेवाती मेडिकल कॉलेज नलहड़ रेफर कर दिया गया। नलहड़ मेडिकल कॉलेज में घायलों का इलाज चल रहा है। जहां कई की हालत नाजुक बताई जा रही है। मरने वालों का आंकड़ा बढ़ने से इनकार नहीं किया जा सकता।
जानकारी के मुताबिक सवारियों से भरा थ्री व्हीलर पुनहाना से होडल के लिए चला था। जैसे ही थ्री व्हीलर मढ़िया की मोड़ के समीप पहुंचा तो सामने से आ रहे हाईवा ट्रक ने थ्री व्हीलर को टक्कर मार दी। जिससे दोनों वाहन गड्ढों में जाकर गिरे। इस दौरान थ्रीव्हीलर, हाईवा के नीचे दब गया और एक दर्दनाक हादसा घटित हो गया। घटना में थ्री व्हीलर का पूरी तरह से कचूमर निकल गया। मरने वालों में दल्लाबास गांव में पढ़ाने वाली एक अध्यापिका भी शामिल बताई जा रही है। इस हादसे के दौरान होडल - पुनहाना मार्ग तकरीबन आधे घंटे जाम हो गया, लेकिन पुलिस के कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए जाम को खुलवा दिया। जानकारी के मुताबिक एक महिला व चार पुरुष के शव पुनहाना सीएचसी में रखे गए तो एक महिला व एक पुरुष का शव पलवल अस्पताल में बताया जा रहा है।
जिनको हादसे के बाद घायल अवस्था में इलाज के लिए पलवल ले जाया जा रहा था, लेकिन उन्होंने वहां पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। जैसे ही इस बड़ी दुखद घटना के बारे में आसपास के गांव के अलावा इलाके के लोगों को लगी तो घटनास्थल पर भारी भीड़ जुटने लगी। स्वास्थ्य विभाग ने घायलों व मृतकों को मदद पहुंचाने के लिए चार एंबुलेंस अल आफिया सामान्य अस्पताल मांडीखेड़ा से घटनास्थल के लिए रवाना की। दो एंबुलेंस में चार घायलों को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, बाकि मृतकों के शवों को लेकर पुलिस ने मोर्चरी में रखवा दिया।
पुलिस सड़क हादसे में मरने वाले व घायलों के बारे में पूरी जानकारी जुटाने में लग गई है। हादसे के बाद हाईवा चालक फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है। बिछोर पुलिस मामले की जांच कर मुकदमा दर्ज करने तथा शवों का पंचनामा कराने की प्रक्रिया में जुट गई है।
बचाव कार्य में जुटे लोग।
घटनास्थल पर जमा लोगों की भीड़।
ट्रक के नीचे दबे थ्री व्हीलर और लोगों को क्रेन की मदद से बाहर निकाला गया।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS