रोहतक में आरटीए की बड़ी कार्रवाई, एक माह में किए 63 लाख के चालान

रोहतक में आरटीए की बड़ी कार्रवाई, एक माह में किए 63 लाख के चालान
X
सख्ती के चलते ट्रांसपोर्टरों में हड़कम्प मचा रहा। मामले के अनुसार, आरटीए टीम ने दिसम्बर माह शुरू होते ही पहले सप्ताह में जिला के अलग अलग एरिया में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान 177 वाहनों के चालान किए गए। जिसमें 143 हेवी वाहन पाए गए। जिन्होंने कई नियमों की अवहेलना की थी

विजय अहलावत : रोहतक

आरटीए (क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण) द्वारा दिसम्बर माह में ओवरलोड वाहनों पर शिकंजा कसते हुए अभियान चलाया गया है। अभियान के दौरान नियमों की अवहेलना पाए जाने पर 177 वाहनों को जब्त किया गया। जिनसे करीबन 63 लाख की राशि वसूल की गई।

विभाग की सख्ती के चलते ट्रांसपोर्टरों में हड़कम्प मचा रहा। मामले के अनुसार, आरटीए टीम ने दिसम्बर माह शुरू होते ही पहले सप्ताह में जिला के अलग अलग एरिया में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान 177 वाहनों के चालान किए गए। जिसमें 143 हेवी वाहन पाए गए। जिन्होंने कई नियमों की अवहेलना की थी। कई वाहनों में हाइट तक सामान भरा हुआ था। 10 छोटे वाहनों द्वारा नियम तोड़ने पर चालान किए गए। कई मिनी बसों के भी चालान किए गए। इसके अलावा 21 प्राइवेट बसों के भी चालान किए गए। बस चालक अलग अलग नियमों की अवहेलना करते हुए पाए गए। इन वाहनों को जब्त कर आरटीए लाया गया। जहां चालान राशि जमा करवाने के बाद ही वाहनों को छोड़ा गया।

कागज ठीक नहीं होने पर रोड पर नहीं निकाल रहे वाहन

बार- बार आरटीए द्वारा किए जा रहे चालान से ट्रांसपोर्टराें में भय का माहौल बना हुआ है। अधिकारियों की ज्यादा सख्ती की वजह से ट्रांसपोर्टरों काे लाखों रुपये के चालान का भुगतान करना पड़ा। अब उन्होंने नियम और प्रमाण पत्र पूरे नहीं होने तक अपने वाहन बंद कर अपने पास रख लिए हैं। उनका कहना है कि वह नियमों को पूरा करने के बाद ही वाहन को रोड पर लेकर आएंगे।

बस स्टाफ ले रहा था ज्यादा किराया

आरटीए को सूत्रों से सूचना मिली कि दिल्ली में किसान आंदोलन के चलते यात्रियों से ज्यादा रुपये लिए जा रहे हैं। इसके चलते आरटीए ने कई जगह बसों की चेकिंग की। इस दौरान कई बस चालकों की पोल खुली। चेकिंग के दौरान पकड़ी गई पांच बसों में यात्रियों से ज्यादा किराया लिया जा रहा था। जिसकी यात्रियों ने शिकायत की तो बसों के चालान किए गए। जबकि एक बस के कंडेक्टर ने वर्दी नहीं पहनी थी। इसके अलावा कुछ बसें बस अड्डा से न हो कर दूसरे रास्तों से जा रही थी। इसके अलावा कई के पास प्रमाण पत्र पूरे नहीं पाए गए। बस चालकों द्वारा सरकार को चूना लगाते हुए यात्रियों को परेशान किया जा रहा था। जिन पर समय रहते शिकंजा कसा गया।

गुरुवार को भी किए 8 गाड़ियों के चालान

अभियान के दौरान बृहस्पतिवार को रोहतक और सांपला एरिया से 8 वाहनों के चालान किए गए। साथ ही उन्हें जब्त भी किया। अभियान के तहत कुछ ट्रक ओवरलोड मिले। जबकि कई ट्रकों में ऊंची हाइट में माल भरा गया था। जो नियमों के खिलाफ है। ऐसे में उन ट्रकों के चालान कर उन्हें जब्त किया गया। आरटीए की टीम ने बृहस्पतिवार को भी जिला में अवैध और ओवरलोढ़ वाहनों के खिलाफ जमकर अभियान चलाया। चालान से करीबन 3 लाख की राशि वसूल की गई। इसके अलावा कई वाहन चालकों को चेतावनी देकर छोड़ा गया।

ओवरलोड वाहनों को किसी सूरत में नहीं बख्शा जाएगा

दिसम्बर माह के दौरान जोरशोर से अभियान चलाया गया। जिसमें 177 वाहनों को जब्त कर चालान किए गए। उन पर 63 लाख का जुर्माना लगाया गया। जिसकी राशि वसूल करने के बाद वाहनों को छोड़ा गया। आगे भी अभियान जारी रहेंगे। ओवरलोड वाहनों को किसी सूरत में नहीं बख्शा जाएगा। - संदीप गोयत, सचिव आरटीए

Tags

Next Story