मौसम की जानकारी:- यमुनानगर में घने कोहरे ने वाहनों की गति को किया धीमा, दुकानदारों का नहीं बिक रहा सामान

हरियाणा राज्य के यमुनानगर जिले में पिछले दो दिन से घना कोहरा पड़ने से जनजीवन अस्तव्यस्त होकर रह गया है। आलम यह है कि बृहस्पतिवार सुबह इतना घना कोहरा छा गया कि सुबह दस बजे तक सड़कों पर वाहन रेंगते हुए नजर आए। घनी धुंध के बीच बामुश्किल से वाहन चालक अपने गंतव्य पर घंटों देरी से पहुंचे। वहीं, बाजारों में ग्राहकों की संख्या भी नाममात्र ही रही। घना कोहरा छा जाने से जिले का अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम 9 डिग्री सेल्सियस रह गया। जिससे मौसम में ठंडक बढ़ गई।
घने कोहरे में पांच फुट दूरी पर नहीं दिखाई दिए वाहन
बृहस्पतिवार सुबह जब लोग नींद से जागे तो घना कोहरा छाया हुआ था। सड़कों पर चलते हुए वाहन चालकों को अपने से पांच फुट की दूरी पर चल रहे वाहन भी दिखाई नहीं दिए। वाहनों की रफ्तार कम होने से लोगों को अपने गंतव्य पर पहुंचने में घंटो लगे। वहीं, ठंड बढ़ने के साथ लोग दोपहर तक जहां घरों में दुबके रहे, वहीं बच्चे भी खेलने से वंचित रहे।
दुकानदारी भी रही ठंडी
दुकानदार सुमेश, संजय गुप्ता, सतीश, प्रदीप व टिंकल आदि ने बताया कि बृहस्पतिवार तड़के तीन बजे से ही आसमान से घना कोहरा टपकने लगा । जिससे मौसम में ठंडक बढ़ी हुई थी। घना कोहरा छाए रहने से वह बामुश्किल दस बजे तक अपनी दुकानों पर पहुंचे । लेकिन दोपहर तक उनकी दुकानदारी ठंडी रही। दोपहर को धूप निकलने के बाद ही कुछ ग्राहकों ने बाजारों में पहुंचने की हिम्मत जुटाई।
घटने लगा तापमान
पिछले दो दिन से घना कोहरा छाए रहने से जिले का तामपान घटने लगा है। जिससे मौसम में ठंडक बढ़ने लगी है। बृहस्पतिवार को जिले का तामपान घटकर अधिकतम 23 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम मात्र नौ डिग्री सेल्सियस रह गया।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS