Mausam Ki Jankari : हरियाणा में महेंद्रगढ़ रहा सर्वाधिक ठंडा, 23 जनवरी तक इन जिलों में बरसात की चेतावनी

Mausam Ki Jankari : हरियाणा में महेंद्रगढ़ रहा सर्वाधिक ठंडा, 23 जनवरी तक इन जिलों में बरसात की चेतावनी
X
देश के मैदानी इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज चमक के साथ कहीं-कहीं ओलावृष्टि और उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों पर भारी हिमपात होने की पूरी संभावनाएं हैं।

पश्चिमी विक्षोभ के चलते पूरे प्रदेश में गुरुवार को तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई, लेकिन इसके बाद भी लोगों को सर्दी से कोई राहत नहीं मिली। प्रदेश में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस से 11.4 के बीच दर्ज किया गया। जबकि अधिकतम तापमान 13.5 से 17.2 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। जिला महेंद्रगढ़ आज भी प्रदेश में 7.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ प्रथम स्थान पर काबिज रहा।

मध्यम बारिश और ओलावृष्टि की संभावनाएं

नारनौल के पीजी कॉलेज के पर्यावरण क्लब के नोडल अधिकारी डा. चन्द्रमोहन ने बताया कि एक नया मध्यम आकार का वैस्टर्न डिस्टरबेंस भारत में 21 जनवरी को सुबह भारत में प्रवेश कर रहा है जिसकी वजह से पश्चिमी राजस्थान पर एक प्रेरित साइक्लोनिक सरकुलेशन बनने जा रहा है और अरब सागर से प्रचुर मात्रा में नमी प्राप्त होगी और इस दौरान पवनों की दिशा दक्षिणी पूर्वी हो जाएगी और पछुआ पवनों का मिलन दक्षिणी पूर्वी नमी वाली पवनों से होगा जिसकी वजह से पूरे मैदानी इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज चमक के साथ कहीं-कहीं ओलावृष्टि और उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों पर भारी हिमपात होने की पूरी संभावनाएं हैं।

मौसम पूर्वानुमान

उपरोक्त मौसमी सिस्टम से 21 जनवरी को अर्धरात्रि के बाद 22 जनवरी अलसुबह 1.00 से 2.00 बजे से हरियाणा में बारिश की गतिविधियां शुरू हो जाएंगी। सबसे पहले जिला महेंद्रगढ़, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, रेवाड़ी, पलवल, फरीदाबाद, गुड़गांव, और एनसीआर दिल्ली और उसके बाद चरखी दादरी, झज्जर, रोहतक, जींद, कैथल, कुरुक्षेत्र और उसके बाद चंडीगढ़, अंबाला, पंचकूला, कालका, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत जिलों पर बारिश की गतिविधियां शुरू होने की संभावनाएं हैं। बारिश की गतिविधियां हल्की से मध्यम आकार और कुछ स्थानों पर तीव्र और एक दो स्थानों पर ओलावृष्टि होने की प्रबल संभावनाएं बन रही हैं बारिश की गतिविधियां 22 जनवरी को अधिक रहने वाली है जबकि 23 जनवरी को पूर्वी हरियाणा के जिलों और एनसीआर दिल्ली पर प्रभाव ज्यादा रहेगा। 24 जनवरी से इस मौसमी प्रणाली का प्रभाव सूबे से हटाना शुरू हो जाएगा केवल बादलवाही रहने की संभावनाएं हैं।

Tags

Next Story