Mausam Ki Jankari : 2 फरवरी को फिर करवट लेगा हरियाणा और NCR दिल्ली का मौसम, इस बार ज्यादा दिन रहेगी ठंड

देश में इस बार शीत ऋतु की अवधि के दिनों में वृद्धि देखने को मिलेगी। फरवरी के अंत तक ठंड बरकरार रहने की संभावना है। इस बार ला- नीना सक्रिय मौसम प्रणाली के कारण लगातार पश्चिमी विक्षोभ ( वैस्टर्न डिस्टरबेंस ) सक्रिय हो रहे हैं जिससे उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों में भारी से भारी हिमपात हो रहा है और मैदानी क्षेत्रों पर बारिश और ओलावृष्टि की गतिविधियां जारी हैं।
राजकीय महाविद्यालय नारनौल के पर्यावरण क्लब के नोडल अधिकारी डॉ चंद्रमोहन ने बताया कि फरवरी महीने के शुरुआत से लेकर महीने के अंत तक वैस्टर्न डिस्टरबेंस जारी रहने की संभावना है। जिस कारण हरियाणा और एनसीआर दिल्ली में शीत ऋतु के दिनों में बढ़ोतरी दर्ज होगी। रविवार को भी हरियाणा में महेंद्रगढ़ 3.5 डिग्री सेल्सियस तापमान होने से सबसे ठंडा स्थान बना रहा। हालांक वर्तमान में पूरे हरियाणा व एनसीआर-दिल्ली में पिछले तीन-चार दिनों से सुनहरी और चमकीली धूप निकलने से जनजीवन को शीतलहर और कोल्ड डे की स्थिति से राहत मिलने लगी है। इलाके में 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-पश्चिमी बर्फीली शुष्क हवाओं के प्रभाव से नमी की मात्रा भी काफी कम हो गई है पर ठंड की ठिठुरन बरकरार है।
हवाओं की वजह से रात को कोहरे और धुंध का निर्माण नहीं हो पाता और आने वाले एक दो दिनों में ही पाला जमने की प्रक्रिया भी खत्म हो जाएगी। वर्तमान मौसमी घटनाओं की वजह से पूरे हरियाणा में अधिकतम तापमान में वृद्धि हुई है। रविवार को सूबे में अधिकतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस से 24.3 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। अभी एक-दो दिन ठंड से राहत मिलेगी और 10-15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-पश्चिमी बर्फीली हवाओं का इलाके पर प्रभाव जारी रहेगा। वैसे ही धूप खिल जाएगी और शाम तक करारी धूप रहने की पूरी संभावना है और अधिकतम व न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज होगी। 2 फरवरी को फिर से वेस्टर्न डिस्टरबेंस दस्तक देगा जिस कारण हरियाणा व एनसीआर दिल्ली का मौसम एक बार फिर करवट लेगा और गतिशील और परिवर्तनशील होने वाला है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS