Mausam Ki Jankari : देश में फिर सक्रिय हो रहा पश्चिमी विक्षोभ, हरियाणा सहित इन राज्यों में आंधी व बारिश की संभावना

Mausam Ki Jankari : देश में फिर सक्रिय हो रहा पश्चिमी विक्षोभ, हरियाणा सहित इन राज्यों में आंधी व बारिश की संभावना
X
इस मौसमी प्रणाली का प्रभाव 26 अप्रैल की सुबह तक हट जाएगा। उसके बाद संपूर्ण मैदानी राज्यों में भीषण गर्मी और हीट वेव लू चलने और पारा फिर से छलांग लगाकर 46.0 डिग्री सेल्सियस और इससे ऊपर पहुंचने की संभावना है।

Weather Update : सम्पूर्ण मैदानी राज्यों में वर्तमान में मौसम शुष्क और साफ़ बना हुआ है। आने वाले 24 घंटे में मौसम में हल्के बदलाव की संभावना बन रही है और हरियाणा व एनसीआर दिल्ली में दोपहर बाद शाम तक आंशिक प्रभाव दिखाई की सम्भावना है। राजकीय महाविद्यालय नारनौल के पर्यावरण क्लब के नोडल अधिकारी डॉ चंद्रमोहन ने बताया कि उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों में सोमवार अलसुबह एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ प्रवेश करने वाला है। जिसकी वजह से एक प्रेरित परिसंचरण क्षेत्र उत्तर-पश्चिमी राजस्थान व साथ लगते पंजाब पर विकसित होगा।

इसके कारण पंजाब, हरियाणा, उत्तर राजस्थान, दिल्ली औऱ पश्चिमी उत्तर प्रदेश के इलाकों में 25 अप्रैल को आंधी के साथ कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। इस पश्चिमी विक्षोभ की वजह से उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी और बारिश और मैदानी राज्यों पंजाब, राजस्थान, हरियाणा व एनसीआर दिल्ली में इस मौसम प्रणाली का केवल आंशिक प्रभाव ही दिखाई देने की संभावना बन रही है। 25 अप्रैल को हरियाणा के उत्तरी जिलों पंचकूला, कालका, यमुनानगर व अम्बाला आदि में सिमित स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और अंधड़ चलने, पश्चिमी दक्षिणी जिलों सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, महेंद्रगढ़, चरखी दादरी व रेवाड़ी में भी इस मौसमी प्रणाली का आंशिक प्रभाव ही रहेगा। प्रभावित इलाके में आंशिक बादलवाही के साथ दोपहर बाद तीव्र गति से हवाएं चलने के साथ केवल एक दो स्थानों पर हल्की बिखराव वाली बूंदाबांदी या हल्की फुल्की छिंटाकशी की संभावना है। इस मौसमी प्रणाली का प्रभाव 26 अप्रैल की सुबह तक हट जाएगा।

उसके बाद संपूर्ण मैदानी राज्यों में भीषण गर्मी और हीट वेव लू चलने और पारा फिर से छलांग लगाकर 46.0 डिग्री सेल्सियस और इससे ऊपर पहुंचने की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग ने सम्पूर्ण इलाके पर येलो अलर्ट जारी कर दिया है। इसके अलावा उत्तर भारत में अगला पश्चिमी विक्षोभ 28 को पहाड़ी इलाकों पर पहुंचेगा। जो कि बेहद कमजोर होने के कारण सिर्फ पहाड़ी इलाकों तक सीमित रहेगा औऱ मैदानी इलाकों में असर नहीं दिखा पाएगा। सप्ताहांत तक हरियाणा व एनसीआर दिल्ली में प्रचंड और भीषण गर्मी रहेगी।

ऐसे करें गर्मी से बचाव

आमजन को सलाह दी जाती है कि आफ़त भरी गर्मी और लू से बचाव के लिए पानी, लस्सी, आमपना और शिकंजी का सेवन करते रहें। हल्के रंग के सूती और ढीले कपड़े पहनकर ही बाहर जाएं जिससे शरीर का अधिकतर हिस्सा ढका रहे और छाते का प्रयोग करें। खाना बनाते समय खिड़की-दरवाजे खुले रखें ताकि रसोईघर का तापमान अधिक नहीं होने पाएं और बीच-बीच में दूसरे ठंडे कमरे में जाकर आराम करें।

Tags

Next Story