Mausam Update : हरियाणा में रात को ठंड और दिन में गर्मी से बिगड़ रहा लोगों का स्वास्थ्य, जानें कब तक रहेगा ऐसा मौसम

Mausam Ki Jankari : हरियाणा और एनसीआर दिल्ली में मौसम में उतार-चढ़ाव जारी है। सुबह और शाम के समय ठंड और कुछ स्थानों पर हल्की धुंध देखने को मिल रही है। दोपहर बाद मौसम में गर्माहट दर्ज हो रही है। राजकीय महाविद्यालय नारनौल के पर्यावरण क्लब के नोडल अधिकारी डॉ चंद्रमोहन ने बताया कि नवंबर के आखिरी सप्ताहांत में अभी भी शीत ऋतु का संपूर्ण असर नहीं हुआ है। क्योंकि वर्तमान में देश के उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों में कमजोर पश्चिमी विक्षोभ की वजह से केवल पर्वतीय क्षेत्रों पर हल्की बर्फबारी हो रही है। हिमालय की तरफ उत्तरी पश्चिमी से ठंडी और शुष्क हवाओं की वजह से सम्पूर्ण मैदानी राज्यों विशेषकर हरियाणा व एनसीआर दिल्ली में रात्रि का पारा लुढ़क रहा है। हालांकि अधिकतर स्थानों पर न्यूनतम तापमान 4.0 डिग्री से 9.0 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज हो रहा है जबकि अधिकतम तापमान अभी सामान्य ही बना हुआ है और 25.0 डिग्री से 29.0 डिग्री सेल्सियस के बीच है।
हरियाणा में अल सुबह और शाम को ही ठंड अपना रंग दिखा रही है जबकि अभी दिन के तापमान में विशेष गिरावट दर्ज नहीं हो रही। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में काफी अंतर दर्ज किया जा रहा जिस कारण यह मौसम आमजन के स्वास्थ्य के लिए अनुकूल नहीं है। जब तक कोई भी सक्रिय मौसम प्रणाली का प्रभाव नहीं पड़ेगा तब तक ऐसे ही मौसम के मिजाज बने रहेंगे। दिसंबर के प्रथम सप्ताहांत तक इसी तरह का मौसम रहने की संभावना है। हालांकि वर्तमान में एक प्रति चक्रवात राजस्थान पर बना हुआ है और कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहे हैं। हवाओं की दिशा और गति बार-बार बदल रही है जिससे मौसम परिवर्तनशील बना हुआ है कभी-कभी हल्की बादलवाही भी देखने को मिल रही है। परन्तु मौसम शुष्क और साफ बना हुआ है।
दिसंबर महीने के दूसरे सप्ताहांत के दौरान सक्रिय मौसम प्रणाली के कारण मौसम के करवट लेने की संभावना बन रही है जिससे सम्पूर्ण इलाके में दिन और रात्रि ( अधिकतम और न्यूनतम तापमान ) में गिरावट और शीत ऋतु के सभी रंग ( कंपकंपा देने वाली ठंड, धुंध,कोहरा, पाला ,कोल्ड डे शीत लहर आदि )देखने को मिलेंगे। दिसंबर महीने के प्रथम सप्ताहांत तक मौसम साफ और शुष्क रहने की संभावना बन रही है। किसानों को सलाह दी जाती है मौसम अनुसार फसलों की सिंचाई करते रहें।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS