Weather Update : बदला मौसम का मिजाज, कोहरे ने दी दस्तक, सुबह धुंध छाने से किसान खुश

Weather Update : बदला मौसम का मिजाज, कोहरे ने दी दस्तक, सुबह धुंध छाने से किसान खुश
X
सर्द हवा और कोहरे के कारण ठंड में भी इजाफा हो गया है। रविवार को अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस व न्यूतनम 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कुरुक्षेत्र। रविवार को कोहरे ने दस्तक दे दी। इसकी चादर से पूरा कुरुक्षेत्र जिला सुबह 10 बजे तक ढका रहा। धुंध की वजह से जहां आम जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है, वहीं वाहनों की रफ्तार भी धीमी हो गई है। चालक लाइट के सहारे रेंगते रहे। सर्द हवा और कोहरे के कारण ठंड में भी इजाफा हो गया है। रविवार को अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस व न्यूतनम 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कोहरे का असर इस कदर था कि 10 कदम की दूरी पर भी कुछ साफ नहीं दिखाई दे रहा था। कोहरे की वजह से वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई। चालक एक-दूसरे वाहन के पीछे लाइट के सहारे रेंगते रहे।

जिन चालकों को ऐसा लगा कि वह कोहरे का सामना नहीं कर पाएंगे, वह होटल-ढाबों या सड़क के किनारे वाहन को खड़ा कर रुक गए। कोहरे की वजह से एक घंटे की दूरी चालकों ने दो से लेकर ढाई घंटे में तय की। रविवार की सुबह जब लोग जगने के बाद मकानों के कमरा से बाहर निकले तो घना कोहरा देख उनकी भी परेशानी बढ़ गई। ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों ने ठंड से राहत के लिए अलाव का सहारा लिया। मौसम में अचानक परिवर्तन की वजह से लोगों ने शरीर पर कपड़ों के बोझ को बढ़ा दिया। सुबह 10 बजे तक घने कोहरा का प्रभाव बना रहा। सुबह करीब 10 बजे के बाद कोहरा छट गया और लोगों ने अपने कामों को निपटाने के लिए कार्य शुरू किए।

सड़क पर यातायात हुआ प्रभावित

कोहरे के कारण सुबह सड़क पर वाहनों की रफ्तार भी प्रभावित हुई है। वाहन चालक को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए अपने वाहनों की गति को ब्रेक देना पड़ा। खासकर ग्रामीण क्षेत्र में कोहरे का असर ज्यादा दिखाई दे रहा था। वही सर्दी के मौसम में धुंध पड़ने से किसान खुश हैं। ये कोहरा फसलों के लिए काफी फायदेमंद बताया जा रहा है। मौसम परिवर्तन का असर आम जन-जीवन पर भी दिखाई देने लगा है। धुंध के कारण यातायात प्रभावत हो रहा है तो रोजमर्रा के कार्य भी देरी से शुरू हो रहे हैं। सूखी ठंड के कारण खांसी-जुकाम के मरीज भी बढ़ने लगे हैं। किसान रामकिशन ने कहा कि अगर पाला नहीं जमा तो ये धुंध फसलों के लिए काफी फायदेमंद है। उनका कहना है कि कोहरा अभी और अधिक पड़ना चाहिए ताकि फसल अच्छी हो और किसानों को फायदा हो।

धुंध के मौसम में वाहन चालक बरते सावधानी : पुलिस अधीक्षक

धुंध के मौसम में वाहन चालकों को ज्यादा सावधानी और सतर्कता बरतने की जरुरत है। पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र सिंह भोरिया ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि सर्दी के मौसम अपने निजी वाहनों पर रेडियम टेप लगाएं क्योकि इससे पीछे वाले वाहन चालक को पता चल जाता है कि उसके आगे कोई अन्य वाहन चल रहा है। उन्होने कहा कि ठंड के मौसम में कोहरे के कारण सड़क हादसों के मामले बढ़ जाते हैं। कोहरे के कारण विजिबिलिटी कम हो जाती है और गाड़ी एक दम सामने आने के बाद दिखाई पड़ती है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सभी वाहन चालको को समय-समय पर यातायात नियमों बारे जागरुक किया जा रहा है।

Tags

Next Story