Mausam Update : जानिए अगले कई दिन तक हरियाणा और दिल्ली NCR में कैसा रहेगा मौसम का मिजाज

Mausam Ki Jankari
वर्तमान में हरियाणा पर पिछली मौसम प्रणाली द्वारा मौजूद चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र से बुधवार को दोपहर बाद पुर्वी राजस्थान और पश्चिमी हरियाणा में गरज चमक के बादलों का फूटाव और निर्माण जारी होने की वजह से राजस्थान, हरियाणा, एनसीआर दिल्ली और उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर प्री मानसून जिसमें आंधी-बारिश की गतिविधियां देखने को मिली। इस बार नौतपा ने सूबे को नहीं तपाया और आमजन को आफ़त भरी गर्मी से राहत मिलती रही। राजकीय महाविद्यालय नारनौल के पर्यावरण क्लब के नोडल अधिकारी डॉ चंद्रमोहन ने बताया कि उत्तर भारत में पिछले हफ्ते आए एक के बाद एक पश्चिमी विक्षोभ के कारण आंधी-बारिश की गतिविधियां पंजाब, हरियाणा, पूर्वी राजस्थान, दिल्ली व उत्तरप्रदेश में देखने को मिली थी और सम्पूर्ण मैदानी राज्यों में नौतपा का असर नदारद रहा।
वर्तमान में पश्चिमी विक्षोभ तो आगे निकल गया है मगर उसके कारण जो एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र उत्तर-पश्चिमी राजस्थान पर विकसित हुआ था वह अभी भी हरियाणा पर सक्रीय तंत्र के रूप में बना हुआ है। साथ ही एक ट्रफ उत्तर-पश्चिमी हरियाणा से लेकर असम तक दक्षिण हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार, बंगाल पर से गुजर रही है। जिस कारण ट्रफ के आसपास के सम्पूर्ण इलाकों में बादलो में फुटाव देखने को मिल रहा है। इससे वर्तमान में अभी सिरसा, हिसार, भिवानी, दादरी, महेंद्रगढ़,रेवाड़ी, नूह, पलवल, कुछ जगहों पर गरज़ व हवाओँ के साथ हल्की बारिश-बूंदाबांदी हो रही है। समाचार लिखे जाने के अगले कुछ घण्टो में हरियाणा के सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, रोहतक, भिवानी, दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, नूह, पलवल, झज्जर, गुड़गांव औऱ फरीदाबाद जिलों में प्री मानसून गतिविधियां बिखराव के रूप में आंधी औऱ गरज़-चमक के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी की गतिविधियां बिखरे तौर पर दर्ज की जाएंगी।
अब शुष्क बना रहेगा मौसम
हरियाणा व एनसीआर दिल्ली में धीरे धीरे तापमान में बढ़ोतरी दर्ज हो रही है। साथ ही अधिकतर स्थानों पर पसीने वाली गर्मी आगाज किए हुए है। बुधवार को हरियाणा में अधिकतम तापमान 41.0 डिग्री से 45.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22.0 डिग्री से 27.0 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। अब आगे हरियाणा व एनसीआर दिल्ली में आगामी चार-पांच दिन तक मौसम मुख्यतः शुष्क बना रहेगा। हालांकि बीच-बीच में कमजोर वैस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होने से आंशिक बादलवाही देखने को मिल सकती है परंतु बारिश नहीं होगी। आगामी 4/5 दिनों तक तेज धूल भरी हवाएं चलने की भी संभावना है और अधिकतम तापमान भी 47.0 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच सकता है और भीषण गर्मी फिर से आमजन को परेशान करेगी।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS