Farmers protest पर मंत्री ओमप्रकाश यादव बोले - पंजाब के किसानों को फंंडिंग कर रही कांग्रेस

Farmers protest पर मंत्री ओमप्रकाश यादव बोले - पंजाब के किसानों को फंंडिंग कर रही कांग्रेस
X
इस दौरान उन्होंने कहा कि दिल्ली कूच किसान आंदोलन में प्रदेश का कोई भी किसान शामिल नहीं है। यह सब पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की प्रदेश सरकार को बदनाम करने की सोची समझी चाल है।

हरिभूमि न्यूज : नारनौल

प्रदेश के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ओमप्रकाश यादव ने शनिवार अपने आवास पर लोगों की बिजली, पानी व अन्य मूलभूत सुविधाएं से संबंधित समस्याएं सुनी एवं उनका मौके पर ही निवारण किया। इस दौरान मंत्री ओमप्रकाश यादव ने कहा कि प्रदेश में किसान आंदोलन को लेकर कांग्रेस पंजाब के किसानों को फंंडिंग कर रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली कूच किसान आंदोलन में प्रदेश का कोई भी किसान शामिल नहीं है। यह सब पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की प्रदेश सरकार को बदनाम करने की सोची समझी चाल है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश का किसान बड़ा जागरूक है। कांग्रेस के झूठे बहकावे में नहीं आएगा। उन्होंने कहा कि पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा प्रदेश के किसानों को बरगलाने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन प्रदेश का किसान उनके बहकावे में नहीं आया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा किसानों के लिए लाए गए कृषि अध्यादेश किसान हित में है। एमएसपी पर कोई रूकावट नहीं है। किसानों के लिए आगे भी निरंतर एमएसपी जारी रहेगी। इस बारे प्रदेश के किसान पुत्र मुख्यमंत्री मनोहरलाल पहले भी एमएसपी को लेकर स्थिति स्पष्ट कर चुके है। इसलिए प्रदेश के किसान कांग्रेस के बहकावे में नहीं आए। प्रदेश में जहां किसानों के आंदोलन चलने की बात सामने आ रही है, वह हरियाणा नहीं बल्कि पंजाब प्रदेश से आए है।

उन्होंने राजस्थान व हरियाणा की सरकारों की तुलना करते हुए कहा कि कांग्रेस शासित राजस्थान प्रदेश में बाजरा एमएसपी पर नहीं खरीदा गया। वहां के किसान हरियाणा की तर्ज पर बाजरा खरीदने की मांग कर रहे है। हरियाणा में बाजरे का भाव 2150 रुपए है। राजस्थान में 1400 रुपए से अधिक भाव बाजरे का नहीं है। जो भाव हरियाणा ने किसानों को दिया है, राजस्थान सरकार उसे वहां लागू करके दिखाए। हरियाणा में जहां पेट्रोल डीजल का भाव कम है, वहीं राजस्थान में पेट्रोल-डीजल के बढ़े भाव से वहां की जनता चिंतित है। यह बात पूर्व सीएम भूपेंद्रसिंह हुड्डा को हरियाणा की जनता को बतानी चाहिए।


Tags

Next Story