मंत्री की फटकार आई काम : 2 सालों से लोग खा रहे थे धक्के, एक ही दिन में 4 हजार से ज्यादा प्रॉपर्टी की लिंक

मंत्री की फटकार आई काम : 2 सालों से लोग खा रहे थे धक्के, एक ही दिन में 4 हजार से ज्यादा प्रॉपर्टी की लिंक
X
  • मंत्री कमल गुप्ता ने अधिकारियों को लगाई थी फटकार
  • पुरानी प्रॉपर्टी से नई प्रॉपर्टी आईडी नहीं हो रही थी लिंक, अब 20 हजार प्रॉपर्टी आईडी पेडिंग

हरिभूमि न्यूज अंबाला । पुरानी प्रॉपर्टी आईडी को नई प्रापर्टी आईडी से लिंक करने का काम शुरू हो गया है। शहरी निकाय मंत्री डॉ. कमल गुप्ता की फटकार के बाद नगर निगम के अधिकारी हरकत में आ गए। पिछले दो साल से यह काम पेडिंग था। इसकी वजह से लोग धक्के खा रहे थे। मगर मंत्री की फटकार के बाद निगम ने एक दिन में ही 4117 प्रॉपर्टी को लिंक कर दिया। ऐसी करीब 25 हजार प्रॉपर्टी आईडी हैं जिन्हें नई आईडी से लिंक किया जाना है।

दरअसल शहर की प्रॉपर्टी आईडी का सर्वे एक एजेंसी को दिया गया था। एजेंसी ने लगभग 3 साल तक शहर की प्रॉपर्टी का सर्वे किया। सर्वे में एजेंसी ने 8 हजार नई प्रॉपर्टी खोजी। इस दौरान एजेंसी ने पुरानी प्रॉपर्टी आईडी की जगह नई आईडी बनाई, लेकिन एजेंसी 25 हजार से ज्यादा पुरानी प्रॉपर्टी आईडी को नई प्रॉपर्टी आईडी में लिंक नहीं कर पाई। पोर्टल पर प्रॉपर्टी ऑनलाइन करने के बावजूद लोगों को अपनी पुरानी प्रॉपर्टी आईडी और नई प्रॉपर्टी आईडी को लेकर परेशानी उठानी पड़ी।

मंत्री की फटकार के बाद निगम कमिश्नर ने टैक्स ब्रांच की मीटिंग बुलाकर प्रॉपर्टी आईडी को लिंक करने के निर्देश दिए थे। 3 दिन पूर्व ही निगम के 70 के लगभग कर्मचारी प्रॉपर्टी आईडी को लिंक करने में रात भर जुटे रहे थे। जिस कारण 4117 प्रॉपर्टी आईडी लिंक हो पाई थी लेकिन उसके बाद छुट्टियां पड़ने के कारण पुरानी प्रॉपर्टी आईडी को नई प्रॉपर्टी आईडी से लिंक करने का काम नहीं हो पाया।

यह भी बता दें कि पुरानी प्रॉपर्टी आईडी के नई प्रॉपर्टी आईडी से लिंक न होने पर निगम को एरियर नहीं मिल रहा था। जिन लोगों का पैसा पुरानी प्रॉपर्टी आईडी पर खड़ा था। वह उसे जमा नहीं करा रहे थे। यही वजह थी कि निगम प्रॉपर्टी टैक्स का लगभग 9 करोड़ रुपए ही एकत्रित हो पाया था, जबकि इसमें वह पैसा भी है जो संस्थानों पर लाखों रुपए खड़ा था। इसलिए स्थानीय निकाय मंत्री ने निगम के अधिकारियों के साथ मीटिंग में 30 अप्रैल तक प्रॉपर्टी आईडी को लिंक करने का फरमान सुनाया था।

Tags

Next Story