गोगा माड़ी मेले में युवती से छेड़छाड़ : 2 गुटों में जमकर चले ईंट-पत्थर व गोलियां, पुलिस जवानों सहित 20 लोग घायल, 200 पर केस

गोगा माड़ी मेले में युवती से छेड़छाड़ : 2 गुटों में जमकर चले ईंट-पत्थर व गोलियां, पुलिस जवानों सहित 20 लोग घायल, 200 पर केस
X
विवाद बढ़ने के बाद गांव बब्याल में तनावपूर्ण माहौल है। भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने सभी ग्रामीणों से शांति बरतने की अपील की है। गांव में तैनात पुलिस के जवान ग्रामीणों की हर हरकत पर नजर रखे हुए हैं।

हरिभूमि न्यूज : अंबाला

गोगा माड़ी के मेले में युवती से छेड़छाड़ के बाद दो गुटों में जमकर पथराव हुआ। पथराव के दौरान कई लोग बुरी तरह जख्मी हो गए। महेशनगर पुलिस ने मेले में पथराव करने वाले 150-200 लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत कई धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। अब पुलिस आरोपियों को तलाश रही है। पुलिस की मानें तो आरोपियों को जल्द ही काबू कर लिया जाएगा। वारदात शनिवार देर रात की बताई जा रही है।

पुलिस को दी शिकायत में बब्याल के रहने वाले अनिल राणा ने बताया कि वह तीन साल से गोगा माड़ी का प्रधान है। उनके गांव में हर साल गोगा माड़ी पर मेले का आयोजन किया जाता है। यह मेला तीन दिन चलता है। इस मेले में आस-पास के गांवों के साथ दूरदराज से भी लोग आते हैं। यहां 11 से 13 अगस्त तक मेले का आयोजन किया जा रहा था। मेला कमेटी की ओर से यहां आने वाले लोगों के लिए पुख्ता बंदोबस्त किए गए थे। राणा ने बताया कि मेले के आखिरी दिन देर शाम पास ही बबबसी सैनिक विहार कॉलोनी के लड़के ने एक युवती से छेड़छाड़ की। इसी वजह से गोगा माड़ी के कमेटी के सदस्यो में तनाव हो गया। राणा ने बताया कि इसी दौरान सैनिक विहार कॉलोनी से बड़ी संख्या में लोग हाथों में लाठी-डंडे व पत्थर लेकर मौके पर पहुंच गए। इन लोगों के हाथों में ईंट व गुलेल के साथ कुल्हाड़ी व दूसरे हथियार भी थे।

परिवादी का आरोप है कि अचानक सभी लोगों ने मेले में आए लोगों पर पथराव शुरू कर दिया। सैनिक विहार कॉलोनी के मान सिंह के पास लाठी व मान सिंह के भाई हरनेक सिहं के पास लोहे का दाव, सुखदेव सिहं के पास गुलेल व एक हाथ में पत्थर था व सुखदेव के भाई के हाथ में भी ईंट- पत्थर थे। जबकि नेक सिंह के हाथ में भी गुलेल व पत्थर थे। जसवंत सिंह के दोनों हाथों में ईंटें थी जबकि सुखदेव सिंह के एक हाथ में गुलेल व दूसरे हाथ में पत्थर था। क्रांति के हाथ में लोहे का दाव था। कॉलोनी का रहने वाला फादरी इन लोगों को हमले के लिए भड़का रहा था। हमलावरों में महिलाएं भी शामिल थी। भीड में शामिल रामबीर,जुगनू,वरिंदी भी अपने हाथों में ईंटें व रोड़े,गुलेले ले रहे थे। इन लोगों ने मेला देखने आए लोगों पर हमला बोल दिया। राणा ने बताया कि भीड के हमले की वजह से शिवम राणा, सोमपाल राणा, अमन गोयल, तेजपाल, रोहित राणा, विकास, विशाल बुरी तरह जख्मी हो गए। जबकि मेले में ड्यूटी दे रहे पुलिस जवानों को भी चोटें आई हैं।

गांव में तनावपूर्ण माहौल, भारी पुलिस बल तैनात

विवाद बढ़ने के बाद गांव बब्याल में तनावपूर्ण माहौल है। भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने सभी ग्रामीणों से शांति बरतने की अपील की है। गांव में तैनात पुलिस के जवान ग्रामीणों की हर हरकत पर नजर रखे हुए हैं। उधर पुलिस ने अनिल राणा की शिकायत पर पहचाने गए आरोपियों के साथ हमलावरों की अगुवाई करने वाले फादरी के खिलाफ भी केस दर्ज किया है। पुलिस ने 150 से 200 हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पहचाने गए आरोपियों में मान सिंह, हरनेक सिंह, सुखदेव सिंह, नेक सिंह, जसवंत सिंह, सुखदेव सिंह,क्रांति, पादरी, रामबीर, जुगनु, वरिंदी शामिल है। सभी पर धारा 148, 149, 332, 353, 323, 186, 506 और 307 के तहत केस दर्ज किया है।

Tags

Next Story