हरियाणा में मानसून की एंट्री : रोहतक में पहली बरसात बनी आफत, पूरा शहर जलभराव से पस्त, मकान की छत धंसी, बहन- भाई दबे

हरियाणा में मानसून की एंट्री हो गई। प्रदेश के अनेक जिलों में जाेरदार बारिश हो रही है। रोहतक में मानसून की पहली बारिश आफत बनकर बरसी। गुरुवार सुबह शुरू हुई बारिश से शहर पानी में डूब गया। जगह-जगह जलभराव से लोग प्रभावित हुए हैं। शहर के आर्य नगर, मालगोदाम रोड, शिवाजी कॉलोनी, ओल्ड हाउसिंग बोर्ड, एकता कॉलोनी, गांधी कैंप, श्रीनगर कॉलोनी, गीता कॉलोनी, चावला कॉलोनी, सुभाष नगर, किला रोड मार्केट, रेलवे रोड, इंदिरा मार्केट, प्रताप बाजार, गोहाना रोड, सुखपुरा चौक, सुखपुरा मोड़ से आकाशवाणी रोड, मॉडल टाउन, कच्ची गढ़ी, पीजीआईएमएस परिसर, गोकर्ण एरिया,दिल्ली रोड आदि इलाकों में बारिश का पानी जमा हो गया।
एक दिन की बारिश ने स्मार्ट सिटी का दावा करने वाले अधिकारियों की ड्रेनेज व्यवस्था की पोल खोल दी है। जगह-जगह जलभराव से शहर की सड़कें खस्ताहाल हो गयी हैं। कहीं गिट्टियां उखड़ गयी हैं तो कहीं सड़कें धंस गयी हैं। इन रास्तों पर राहगीर चोटिल होकर गिर रहे हैं। सड़कों पर पानी भरने की जगह-जगह ट्रैफिक जाम की समस्या भी देखने को मिली।
तेज बरसात के चलते किला मोहल्ला में एक मकान की छत धंस गई। छत धंसने से भाई बहन नीचे दब गए। शोर शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।बड़ी मुश्किल से दोनों को बाहर निकाला गया। गनीमत यह रही कि घटना में दोनों को हल्की चोटें आई हैं। मकान धंसने से आसपास के लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।मामले के अनुसार, विधवा महिला मीना देवी अपने बेटे और बेटी के साथ मकान में रहती है। तेज बारिश की वजह से सुबह उनके मकान की छत धंस गई। जिसकी वजह से महिला का बेटा और बेटी नीचे दब गए। उन्होंने शोर मचाया तो आसपास के लोग पहुंचे और कड़ी मशक्कत से दोनों को बाहर निकाला गया। हालांकि घायलों को ज्यादा चोटें नहीं आई हैं। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना से परिवार में दहशत का माहौल बना हुआ है। इससे पहले भी बरसात के मौसम में इस क्षेत्र में मकान देखने की घटनाएं सामने आ चुकी है। बार बार हो रही घटनाओं से लोगों में भय का माहौल बना हुआ हैं।
छोटू राम चौक पर बरसात का नजारा।
वहीं चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के मुताबिक महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, रोहतक, झज्जर,मेवात, सोनीपत, पलवल, फरीदाबाद, जींद, पानीपत, कैथल, करनाल, कुरूक्षेत्र, अंबाला, यमुनानगर, पंचकुला/चंडीगढ़,भिवानी, चरखीदादरी, हिसार, सिरसा, फतेहाबाद जिलों व आसपास के क्षेत्रों में तेज हवायों व गरजचमक के साथ कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना है। इस दौरान कुछ एक स्थानों पर तेज बारिश होगी।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS