माता बनी कुमाता : मायके वालों के साथ मिलकर महिला ने बेचा बच्चा, पति से बोली मर गया

- पति ने पुलिस को दी शिकायत, लेकिन नहीं हुई सुनवाई
- न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने आरोपी पत्नी सहित 6 के खिलाफ दर्ज किया मामला
Sirsa : कलयुग में एक मां अपने ही बच्चे की दुश्मन बन गई। कोख से जन्म देने के बाद महिला ने अपने परिजनों के साथ मिलकर बच्चे को बेच दिया और पति को सूचना पहुंचा दी कि जन्म लेने के कुछ देर बाद ही बच्चा मर गया। पति ने जांच पड़ताल की तो सच्चाई सामने आई कि उसकी पत्नी व ससुराल वालों ने उसका बच्चा 21 हजार रुपए में बेच दिया है। पिता ने पुलिस अधीक्षक से लेकर थाने में जाकर शिकायत दी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। आखिर में मजबूर पिता न्याय के लिए न्यायालय पहुंचा, जिसके आदेश पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
न्यायालय में दायर किए इस्तगासे में शिव नगर कंगनपुर रोड निवासी संजीव कौशल ने बताया कि उसकी शादी 13 अगस्त 2022 को प्रियंका निवासी चतरगढपट्टी के साथ हुई थी। प्रियंका की पहली शादी सुरेंद्र निवासी फरवाई कलां के साथ हुई थी। सुरेंद्र की मौत होने के बाद दोनों परिवारों ने सहमति से शादी करवाई। शादी के दो माह बाद प्रियंका गर्भवती हो गई। संजीव कौशल पत्नी को समय-समय पर जांच के लिए सरकारी अस्पताल ले जाता था। प्रियंका के माता-पिता समय-समय पर उससे पैसे की डिमांड करते थे। संजीव ससुराल वालों को गरीब समझ कर उन्हें अक्सर पैसे देता रहता था। अप्रैल 2023 को अचानक संजीव के भाई गुलशन की तबीयत खराब हो गई। वह उसे उपचार के लिए गुरुग्राम स्थित अस्पताल में ले गया। जांच में पता चला कि उसके भाई को कैंसर है। इसके बाद वह भाई को बचाने के लिए कई अस्पतालों के चक्कर काटता रहा। पीछे से प्रियंका की अपनी सास के साथ कहासुनी हो गई और वह मायके चली गई। संजीव उसे मनाने के लिए गया, लेकिन ससुराल वालों ने उसे धक्का देकर घर से निकाल दिया।
इसके बाद उसकी पत्नी ने एक बच्चे को जन्म दिया, लेकिन उसे बताया गया कि उसका बच्चा जन्म लेने के कुछ देर बाद मर गया। जब उसने जांच पड़ताल की तो पता चला कि उसके बच्चे की मृत्यु नहीं हुई है। प्रियंका ने अपने मायके वालों के साथ मिलकर बच्चे को पहले पति का बताकर उसे बेच दिया है। इसके बाद उसने 17 अगस्त को पुलिस में शिकायत दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उसने न्यायालय में इस्तगासा दायर किया। न्यायालय ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सिविल लाइन थाना पुलिस को आरोपी पत्नी प्रियंका सहित 6 नामजद व अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच के आदेश दिए हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
यह भी पढ़ें - Kurukshetra : 9 हजार रुपए रिश्वत लेता पटवारी रंगे हाथ किया काबू
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS