Jind : बेटे को करंट से बचाने के चक्कर में मां की मौत, पिता गंभीर

Jind :  बेटे को करंट से बचाने के चक्कर में मां की मौत, पिता गंभीर
X
शनिवार सुबह दुकान के शटर में करंट (Current) आया हुआ है। सुनील का बेटा वीर खेलता हुआ शटर के पास चला गया। बेटे को शटर के पास जाता देख सुनील की पत्नी प्रियंका (24) ने उसे बचाने की कोशिश की तो उसका हाथ शटर में छू गया ओर करंट ने अपनी चपेट में ले लिया।

हरिभूमि न्यूज : जींद

गांव गांगोली में बेटे को करंट (Current) से बचाने के फेर में मां की मौत हो गई। जबकि पिता करंट लगने से बेसुध हो गया। पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस (Police) ने मृतका के शव का सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम (Post mortem) कराकर परिजनों को सौंप दिया।

गांव गांगोली निवासी सुनील घर में ही किरयाणा की दुकान चलाता है। शनिवार सुबह दुकान के शटर में करंट आया हुआ है। सुनील का बेटा वीर खेलता हुआ शटर के पास चला गया। बेटे को शटर के पास जाता देख सुनील की पत्नी प्रियंका (24) ने उसे बचाने की कोशिश की तो उसका हाथ शटर में छू गया ओर करंट ने अपनी चपेट में ले लिया। प्रियंका को करंट की चपेट में आता देख नजदीक खड़े पति सुनील ने उसे बचाने की कोशिश की तो वह भी करंट की चपेट में आ गया। जब तक पीछे से लाइन को बंद किया जाता तब तक दोनों बेसुध हो चुके थे। परिजनों द्वारा दोनों को सामान्य अस्पताल पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने प्रियंका को मृत घोषित कर दिया।

मृतका के भाई गांव भाटौल हिसार निवासी नवदीप ने पुलिस को बताया कि उसकी बहन की शादी लगभग पांच साल पहले सुनील के साथ हुई थी। उसकी बहन की करंट लगने से मौत हो गई, जबकि उसका जीजा सुनील बेसुध हो गया। पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस ने मृतका के शव का सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया। पिल्लूखेड़ा थाना के जांच अधिकारी राजबीर ने बताया कि शटर में करंट आने के कारण दंपत्ति चपेट में आ गया था। जिसमें महिला की मौत हो गई। शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया गया है।

Tags

Next Story