नेपाल की इस चोटी पर फतह करने जाएंगी पर्वतारोही अनीता कुंडू, डीजीपी ने दी शुभकामनाएं

चंडीगढ़। नेपाल और चीन दोनों ओर से माउंट एवरेस्ट पर फतह हासिल करने वाली हरियाणा पुलिस की सब-इंस्पेक्टर अनीता कुंडू ने पुलिस महानिदेशक हरियाणा मनोज यादव से मुलाकात कर पर्वतारोहण अभियान 'माउंट लहोत्से' के बारे में जानकारी दी। लहोत्से दुनिया का चौथा सबसे ऊँचा शिखर है जिसकी ऊँचाई 8516 मीटर है।
डीजीपी ने कहा कि अपने मजबूत इरादों के साथ पर्वतारोही अनीता कुंडू नेपाल की चोटी माउंट लहोत्से पर तिरंगा फहराकर एक बार फिर प्रदेश व हरियाणा पुलिस का नाम रोशन करेंगी। उन्होंने पर्वतारोहण अभियान की सफलता के लिए अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए महिला अधिकारी का हौसला भी बढाया। डीजीपी ने अनीता को हरियाणा पुलिस का फ्लैग भी सौंपा जिसे वह चोटी पर फहराएंगी। अनीता के हौसले बुलंद हैं और 10 अप्रैल को वह एक नई ऊंचाई छूने के लिए नए सफर पर निकलेंगी। वह नई दिल्ली से काठमांडू के लिए रवाना होंगी। जहां अनीता एक टीम का नेतृत्व करेगी, जिसमें दुनियाँ भर से 10 पर्वतारोही होंगे। वहां से इन सभी की चढ़ाई शुरू होगी। उनका ये अभियान लगभग 50 से 60 दिन का रहेगा। बेस कैम्प से ऊपर शिखर तक पाँच कैम्प लगेंगे। माउंट एवरेस्ट सहित 7 महाद्वीपों की चोटियों पर तिरंगा फहरा चुकी अनीता का नया मिशन लहोत्से चोटी को फ़तह करने का है।
बता दें कि तेनजिंग नोर्गे नेशनल एडवेंचर अवार्ड से सम्मानित अनीता कुंडू वर्तमान में हरियाणा पुलिस में सब-इंस्पेक्टर के पद पर तैनात हैं। उन्होने राज्य पुलिस बल के खिलाड़ियों का मनोबल बढाने के लिए डीजीपी का धन्यवाद भी व्यक्त किया। उल्लेखनीय है कि अनीता ने एशिया, अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया, यूरोप, अंटार्कटिका और दक्षिण अमेरिका सहित सात महाद्वीपों में चोटियों को फतह किया है। साथ ही, नेपाल और चीन दोनों ओर से माउंट एवरेस्ट को फतह किया है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS