सांसद नायब सैनी ने पटियाला से हरिद्वार फोरलेन सड़क बनाने की मांग संसद में उठाई

सांसद नायब सैनी ने पटियाला से हरिद्वार फोरलेन सड़क बनाने की मांग   संसद में उठाई
X
इस 223 किलोमीटर लम्बी सड़क को बनाने से 4 राज्यों को आपस में जोड़ा जा सकता है। इस सड़क का व्यापारिक, धार्मिक और किसानों की दृष्टि से बहुत अधिक महत्व है।

कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र के सांसद नायब सिंह सैनी ने संसद सत्र के दौरान कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र की मांग रखते हुए केन्द्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को पटियाला से हरिद्वार तक फोरलेन सड़क बनाने की सरकार से मांग की है। इस 223 किलोमीटर लम्बी सड़क को बनाने से 4 राज्यों को आपस में जोड़ा जा सकता है। इस सड़क का व्यापारिक, धार्मिक और किसानों की दृष्टि से बहुत अधिक महत्व है।

सांसद नायब सिंह सैनी ने संसद में सत्र के दौरान कुरुक्षेत्र, कैथल और यमुनानगर के लोगों की आवाज को बुलंद करते हुए कहा कि सरकार ने हमेशा से हरियाणा के लोगों की मांग को पूरा करते हुए कई राष्ट्रीय राजमार्गों को दिया है। इसी तरह केन्द्रीय मंत्री के समक्ष पटियाला से हरिद्वार तक सड़क बनाने का प्रस्ताव रखा। पटियाला से हरिद्वार तक फोरलेन की सड़क बनने से 4 राज्यों जिनमें पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उतराखंड को एक दूसरे के साथ जोड़ा जा सकता है। यह मार्ग 223 किलोमीटर लम्बा है और इस मार्ग का बहुत बड़ा हिस्सा उनके लोकसभा क्षेत्र कुरुक्षेत्र से यमुनानगर के बीच में पड़ता है। हरिद्वार से पटियाला तक का मार्ग काफी व्यस्तम मार्गों में से एक है। इस मार्ग पर बहुत अधिक ट्रैफिक रहता है और इस सड़क पर दुर्घटनाओं की हमेशा संभावना बनी रहती है। इस मार्ग का धार्मिक दृष्टि से भी बहुत अधिक महत्व है। यह मार्ग धर्मनगरी हरिद्वार को धर्मनगरी कुरुक्षेत्र को जोड़ता है और सावन माह में हजारों, लाखों लोग कांवड़ लेकर देश के कोने-कोने तक पहुंंचते है। इतना ही नहीं किसानों के लिए भी इस मार्ग को फोरलेन करना बहुत जरूरी है क्योंकि इस मार्ग पर 3 शुगर मिल, 5 सब्जी मंडी और 5 अनाज मंडी भी पड़ती है। इन व्यवसायिक संस्थानों में किसानों और व्यापारियों को आना जाना लगा रहता है।

सांसद ने कहा कि देश के सबसे बड़े राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच 44, राष्ट्रीय राजमार्ग 152एडी और राष्ट्रीय राजमार्ग हिसार चंडीगढ को भी यह सड़क जोड़ने का काम करेगी। इसलिए इस सड़क को पटियाला से हरिद्वार तक फोरलेन किया जाए। इसके साथ-साथ यातायात को सुचारू रूप से चलाने के लिए इन शहरों के लिए रिंग रोड का निर्माण बहुत जरुरी है।

Tags

Next Story