Municipal Election : हरियाणा की 19 नगरपालिकाओं के संभावित आम चुनाव को लेकर सरगर्मियां शुरू

हरिभूमि न्यूज : कलायत/कैथल
हरियाणा प्रदेश में पंचायती राज चुनाव पूर्ण होने के साथ ही 19 नगर पालिकाओं में संभावित आम चुनाव की सरगर्मियां शुरू हो गई हैं। 2023 के मई माह में कलायत सहित जिला भिवानी में सिवानी, बवानीखेड़ा, लौहारू, हेलीमंडी, पटौदी, फारुखनगर, हिसार जिला में नारनौंद, जींद में जुलाना, झज्जर में बेरी, करनाल में इंद्री, नीलोखेड़ी, महेंद्रगढ़ में अटेली मंडी, कनीना, मेवात में तावडू, पलवन में हथीन, सोनीपत में खरखौदा और रोहतक जिला की कलानौर नगर नगरपालिकाओं का कार्यकाल पूरा होने जा रहा है। जिला कैथल की नव गठित सीवन नगर पालिका में भी नए वर्ष में चुनावी शंखनाद संभावित है। इसके चलते ये सभी नगर पालिकाएं चुनावी वर्ष में प्रवेश कर गई है।
इन नगर पालिकाओं में पहली बार प्रधान पद के लिए सीधा चुनाव होना है। इससे पहले पार्षदों द्वारा प्रधान का चयन किया जाता रहा है। नगर पालिकाओं के प्रधान पद के ड्रा पर सबकी नजर है। इससे स्पष्ट होगा कि किस नगर पालिका में प्रधान पद रिजर्व और ओपन होगा। संभावित चुनावों को लेकर महिला एवं बाल विकास मंत्री कमलेश ढांडा के गृह निर्वाचन क्षेत्र की सर्वाधिक हाट सीट कलायत में जोड़तोड़ की राजनीति शुरू हो गई है। इस विधानसभा में दूसरी नगर पालिका राजौंद का चुनाव वर्ष 2022 में संपन्न हो चुका है। इसमें भाजपा प्रत्याशी को विजय मिली थी। अब भाजपा, कांग्रेस, जजपा, इनेलो, आप और दूसरे दलों की नजर कलायत नगर पालिका आम चुनाव पर है।
चुनाव प्रचार अभियान शुरू
वर्ष 2023 के नगर पालिका आम चुनाव के दंगल में उतरने के इच्छुक कई भावी उम्मीदवारों ने अभी से अपना चुनाव प्रचार अभियान शुरू कर दिया है। करीब आधा दर्जन उम्मीदवारों की फेहरिस्त सामने आई है जो परोक्ष नगर पालिका चुनाव में दमखम दिखाने के लिए तैयार हैं।
दंगल में नजर आएंगे नए और पुराने चेहरे
कैथल की कलायत नगर पालिका में 13 वार्ड हैं। वर्तमान में शशीबाला कौशिक भाजपा की चेयरपर्सन और पूजा धीमान वाइस चेयरपर्सन हैं। वर्ष 2023 में होने वाले चुनाव में अधिकांश नए चेहरे सामने आने की उम्मीद है। इसके साथ ही पुराने दिग्गज भी इस समर में नजर आएंगे। निश्चित तौर से कलायत नगर पालिका के चुनाव वर्तमान में सत्तारूढ़ दल भाजपा के लिए 2024 लोकसभा और विधानसभा चुनाव की ट्रायल होंगे।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS