खंबे से बांधकर हत्या : अशोक के शरीर पर मिले 40 से ज्यादा चोट के निशान, मर्डर में था चाचा का हाथ

हरिभूमि न्यूज : सोनीपत
राई थाना क्षेत्र के गांव झुंडपुर-टांडा औद्योगिक क्षेत्र में युवक की हत्या बड़ी बेरहमी से की गई। पोस्टमार्टम में हमलावरों की बर्बरता की कहानी बयां कर रही है। अशोक के शव पर 28 गंभीर चोट पाई गई हैं, जिनमें से 12 स्थानों पर मल्टीपल चोट लगी हुई हैं। उसके संवेदनशील अंगों पर भी घाव व रक्तस्राव पाया गया है। विद्युत पोल से बांधकर रातभर पीटने के मामले में उसका चाचा मुख्य आरोपित है। पुलिस ने उसे रात को ही गिरफ्तार कर लिया था। जांच में सामने आया है कि बचकर भाग रहे अशोक को उसके चाचा ने पकड़कर हमलावरों को सौंपा था।
यह था मामला
टांडा के सतपाल सिंह ने पुलिस को बताया था कि उनका बेटा अशोक उर्फ बिट्टू शुक्रवार शाम को औद्योगिक क्षेत्र में अपने चाचा सिकंदर की चाय की दुकान पर गया था। अशोक हलवाई व पेंट का काम करता था। सिकंदर की दुकान के सामने अशोक को बिजली के खंभे पर बांधकर रातभर पीटा गया था। सिंकदर व उसके बेटे ने अन्य युवकों के साथ मिलकर उसके बेटे की पिटाई की थी। जिसके बाद अशोक ने दम तोड़ दिया था। अशेाक की पिटाई का वीडियो भी वायरल हो गया था। जिसमें आरोपित उसे खंभे पर बांधकर पिटाई करते दिख रहे हैं। पुलिस ने सतपाल के बयान पर उसके भाई सिंकदर, सिकंदर के नाबालिग बेटे, झुंडपुर के सावन, प्रवीन और प्रदीप, दिल्ली के बकौली के परमजीत व एक अन्य के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया था। पुलिस ने सिकंदर को रात में ही गिरफ्तार कर लिया था।नाराज लोगों ने आरोपित की दुकान में आग लगा दी थी।
जाल में खुद फंस गया सिकंदर
मुख्य आरोपित सिकंदर ने पहले पुलिस को बरगलाने का प्रयास किया। उसने बताया कि भतीजा उसकी दुकान से निकलकर छिप गया था। उसे कुछ युवकों ने पकड़कर चोर समझ बुरी तरह पीटा था। आरोपित पुलिस पूछताछ में अपने ही बुने जाल में फस गया और संतोषजनक उत्तर नहीं दे पाया। इसके चलते पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज होने से पहले ही सिकंदर और उसके नाबालिग बेटे को गिरफ्तार कर लिया था।सख्ती से पूछताछ में सिकंदर ने बताया कि रात को भतीजे अशोक ने उसकी दुकान से गल्ला चोरी कर लिया था। उसने दुकान से एक फेरी वाले के कपड़े भी चोरी कर लिए। वह भागने लगा तो उसकी आंख खुल गई थी। उसने शोर मचाकर कुछ युवकों की मदद से उसे पकड़ लिया था। जिसके बाद उसकी पिटाई की गई।
पहले नहीं पता था कि वह अशोक है
सिकंदर ने पुलिस को बताया है कि उसे पहले यह पता नहीं था कि चोरी करने वाला उसका भतीजा है। जब उसकी आंख खुली तो उसे एक युवक भागता दिखा था। वह भागकर उसकी दुकान के पीछे स्थित गड्ढे की तरफ चला गया। उसने शोर मचाकर उसे अन्य युवकों की मदद से पकड़ लिया था। पकड़े जाने के बाद उसे पता लगा कि वह उसका भतीजा है। उसके बाद उसकी पिटाई की गई। जिससे उसकी मौत हो गई।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS