दिल दहलाने वाली वारदात : विधवा महिला के सिर पर ईंटों से प्रहार करके कुएं में फेंका, दो बच्चे हो गए अनाथ

हरिभूमि न्यूज : यमुनानगर
यमुनानगर जिले के गांव कनीपला में एक व्यक्ति ने महिला के सिर पर ईंटों से प्रहार करके घायल कर दिया और उसे कुएं में फेंककर फरार हो गया। आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो कुआं गहरा होने की वजह से वह महिला को बचा नहीं सके। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कुएं से महिला के शव को बाहर निकाला और आरोपित अज्ञात युवक के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
जानकारी के मुताबिक इस्माईलपुर निवासी निर्मला देवी (35) के पति की कुछ महीने पहले मौत हो गई थी। उसके पास दो बच्चे हैं। रविवार को निर्मला देवी गांव कनीपला के नजदीक स्थित प्राचीन कुएं के पास किसी हम उम्र के व्यक्ति के साथ पहुंच गई। इस दौरान निर्मला व उसके साथ पहुंचा व्यक्ति आपस में बातचीत करने लगे। इसी दौरान उनमें किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपित ने उसके सिर पर ईंटों से प्रहार दिया और गंभीर हालत में उसे कुएं में फेंक दिया। व्यक्ति द्वारा महिला को कुएं में फेंकता देखकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो आरोपित वहां से भाग गया।
ग्रामीणों ने महिला को बचाने का प्रयास किया। मगर कुआं अधिक गहरा होने की वजह से ग्रामीण महिला को बचा नहीं सके। सूचना मिलते ही साढ़ौरा पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से महिला को बाहर निकाला गया। मगर तब तक महिला की मौत हो चुकी थी। महिला के सिर पर चोटों के निशान मिले हैं। पुलिस ने बहरहाल आरोपित अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामले में की जा रही जांच
मामले की जांच कर रहे साढ़ौरा थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि आरोपित के बारे में पता लगाया जा रहा है कि वह कौन था। आरोपित के गिरफ्तार होने पर ही हत्या क्यों की गई है, इस बारे में जानकारी मिल सकेगी। उन्होंने बताया कि आरोपित को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS