National Sports Awards : नीरज चोपड़ा सहित हरियाणा के 4 खिलाड़ियों को खेल रत्न और 8 को मिला अर्जुन पुरस्कार, देखें लिस्ट

हरियाणा के 12 खिलाड़ियों को राष्ट्रीय खेल पुरस्कार ( National Sports Award ) मिला है। इनमें गोल्ड मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा ( Neeraj Chopra ) सहित 4 खिलाड़ियों को खेल रत्न ( khel ratna ) और 8 खिलाड़ियों को अर्जुन अवॉर्ड ( arjuna award ) मिला। इसमें अकेले सोनीपत के 6 खिलाड़ी शामिल हैं। दिल्ली में राष्ट्रपति भवन में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रपति रामनाथ काेविंद ( President Ram Nath Kovind ) ने इन खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। कुल मिलाकर देखा जाए तो इन पुरस्कारों में हरियाणा का दबदबा रहा है। 12 मेजर ध्यानचंद खेल रत्न अवॉर्ड में से 4 खेल रत्न अवॉर्ड हरियाणा को मिले हैं। 35 अर्जुन अवार्ड में से 8 अर्जुन अवॉर्ड हरियाणा को मिले हैं। प्रशिक्षकों की अलग-अलग कैटेगरी में कुल 15 द्रोणाचार्य अवार्ड में से 4 हरियाणा के प्रशिक्षकों को मिले हैं। दो राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कारों में से एक हरियाणा को मिला है। कुल 64 पुरस्कारों में से हरियाणा को 17 पुरस्कार मिले हैं। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर उन्हें बधाई दी है।
हरियाणा के ये खिलाड़ी बने खेल रत्न
नीरज चोपड़ा ( जेवलिन थ्रो में गोल्ड ) : मेजर ध्यानचंद खेल रत्न अवॉर्ड
रवि दहिया ( कुश्ती में रजत पदक ) : मेजर ध्यानचंद खेल रत्न अवॉर्ड
सुमित आंतिल ( पैरालंपिक जेवलिन थ्रो में गोल्ड ) : मेजर ध्यानचंद खेल रत्न अवॉर्ड
मनीष नरवाल ( पैरालंपिक शूटिंंग में गोल्ड ) : मेजर ध्यानचंद खेल रत्न अवॉर्ड
इनको मिला अर्जुन अवार्ड
हरियाणा से ताल्लुक रखने वाले 8 खिलाड़ी खेल और स्पर्धा 2021 में शानदार प्रदर्शन के लिए अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किए गए हैं। योगेश कथूनिया, सुरेंद्र पालड, सिंहराज अधाना, सुमित कुमार, दीपक पूनिया, हरविंदर सिंह, मोनिका मलिक और संदीप को अर्जुन अवार्ड से नवाजा गया है।
इनको मिला द्रोणाचार्य अवार्ड
खिलाड़ियों और उनके खेल प्रदर्शन को बेहतर बनाने में उनके प्रशिक्षकों का बहुत बड़ा योगदान होता है। राज्य के खेल प्रशिक्षकों सरकार तलवाड व असन कुमार को द्रोणाचार्य लाईफ टाईम अवार्ड और प्रीतम सिवाच को द्रोणाचार्य अवार्ड मिला है। इसके साथ ही हरियाणा के 88 वर्षीय पहलवान सज्जन सिंह को मेजर ध्यानचंद लाइफ़टाइम अचीवमेंट अवार्ड मिला है।
गौरतलब है कि राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को दी जाने वाली सबसे अधिक इनामी राशि को लेकर हरियाणा की खेल नीति की देश में ही नहीं विदेशों में भी सराहना होती रही है। अन्य प्रांत भी हरियाणा की खेल नीति का अनुसरण करने के लिए हरियाणा का दौरा कर चुके हैं। हरियाणा सरकार निरंतर खेलों को बढ़ावा देने के लिए कटिबद्ध है और आज राज्य के इतने अधिक खिलाड़ियों व प्रशिक्षकों को मिले राष्ट्रीय खेल पुरस्कार-2021 हरियाणा सरकार के राज्य को खेल हब बनाने के प्रयासों को चरितार्थ कर रहे हैं।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS