NDA की राष्ट्रपति उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू पहुंचीं चंडीगढ़, जजपा और शिरोमणी अकाली दल ने भी दिया समर्थन

चंडीगढ़। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन ( एनडीए ) की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू शुक्रवार को प्रचार करने के लिए चंडीगढ़ पहुंची। यहां पहुंचने पर हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल, भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़, उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला, जननायक जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष निशान सिंह समेत हरियाणा के सभी लोकसभा व राज्यसभा सांसदों, मंत्रियों व भाजपा,जजपा विधायकों ने उनका स्वागत किया।
द्रौपदी मुर्मू ने अपने पक्ष में समर्थन की अपील करते हुए कहा कि हरियाणा वीरों और शहीदों की भूमि होने के साथ-साथ श्रीमद्भगवद्गीता की स्थली है। इस राज्य ने हर क्षेत्र में अमिट छाप छोड़ी है। एक आदिवासी महिला को राष्ट्रपति के पद की उम्मीदवार बनाकर एनडीए ने अपनी नीति स्पष्ट कर दी है। उन्होंने कहा कि एक आदिवासी महिला के रूप में मैंने कभी नहीं सोचा था कि मुझे इस पद का उम्मीदवार बनाया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के सर्वोच्च पद का उम्मीदवार बनाकर "सबका साथ सबका विश्वास" के नारे को सिद्ध कर दिया है। मैंने महिला, गरीब, आदिवासियों के लिए काम किया है। जिंदगी में जो भी चुनौती आई है, उसे स्वीकार किया है और हमेशा अच्छा बनने का प्रयास किया है। मुर्मू ने कहा कि मैं देश के लिए हमेशा काम करने के लिए तैयार थी, हूं और रहूंगी। उन्होंने कहा कि मुझे पूरी उम्मीद है कि हरियाणा में भाजपा, जजपा के अलावा निर्दलीय उम्मीदवारों का समर्थन तो मिलेगा ही, इसके साथ-साथ अन्य पार्टियों के विधायक एवं सांसद भी उन्हें समर्थन देंगे।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने द्रौपदी मुर्मू का स्वागत करते हुए कहा एनडीए द्वारा उन्हें राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया जाना बेहद प्रसन्नता का विषय है। जनजाति वर्ग से द्रौपदी मुर्मू पहली राष्ट्रपति उम्मीदवार हैं। मुर्मू ने जनजातीय समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने व जनप्रतिनिधि के रूप में लम्बे समय तक जनसेवा करते हुए सार्वजनिक जीवन में अपनी विशिष्ठ पहचान बनाई है। मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वासन दिलाया कि समर्थक संख्या के सभी वोट तो उन्हें मिलेंगी ही, इसके साथ-साथ अतिरिक्त वोट दिलाने का भी पूरा प्रयास करेंगे। दुष्यंत चौटाला ने भी द्रौपदी मुर्मू को अपनी पार्टी की ओर से पूर्ण समर्थन देने की घोषणा करते हुए कहा कि एनडीए ने मुर्मू को राष्ट्रपति के पद की उम्मीदवार बनाकर दलित उत्थान, महिला उत्थान एवं गरीबों के उत्थान का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि मुर्मू के रूप में देश को ऐसी राष्ट्रपति मिलेगा जो आम गरीब की आवाज को आगे ले जाने का कार्य करेंगी।
शिरोमणी अकाली दल ( बादल ) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल अपने विधायकों के साथ चंडीगढ़ के यूपी गेस्ट हाउस में राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। बादल ने भी द्रौपदी मुर्मू को समर्थन देने का पूर्ण आश्वासन दिया।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS