जींद : भतीजे ने की थी आंगनवाडी सुपरवाइजर ताई की हत्या, आरोपित गिरफ्तार

जींद : भतीजे ने की थी आंगनवाडी सुपरवाइजर ताई की हत्या, आरोपित गिरफ्तार
X
शहर थाना नरवाना पुलिस ने आरोपित भतीजे को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। जहां से अदालत ने आरोपित को एक दिन के रिमांड पर पुलिस को सौंप दिया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपित से हत्या में प्रयोग किए गए बाइक को बरामद करेगी और अन्य तथ्यों को जुटाएगी।

हरिभूमि न्यूज : जींद

नरवाना के हनुमान नगर में दस दिन पहले भतीजे ने ही अपनी आंगनवाडी सुपरवाइजर ताई की गला घोंटकर हत्या की थी। हत्या के पीछे जमीन का विवाद बताया जा रहा है। शहर थाना नरवाना पुलिस ने आरोपित भतीजे को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। जहां से अदालत ने आरोपित को एक दिन के रिमांड पर पुलिस को सौंप दिया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपित से हत्या में प्रयोग किए गए बाइक को बरामद करेगी और अन्य तथ्यों को जुटाएगी।

मूलत गांव सच्चाखेडा हाल आबाद हनुमान नगर निवासी सतेंद्र की 55 वर्षीय आंगनवाडी सुपरवाइजर पत्नी कमलेश छह दिसम्बर शाम को अपने घर में मृत हालात में मिली थी। मृतका के कान तथा मुंह से खून निकल रहा था। पुलिस ने मामले को संदेहजनक मान सतेंद्र की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया था। मामला उस समय और संदिग्ध हो गया जब मकान के आसपास लगे सीसीटीवी में एक बाइक सवार युवक कैद हो गया। पुलिस ने जांच को आगे बढाया तो गांव सच्चाखेड़ा निवासी हाल आबाद सुभाष नगर निवासी दिनेश का नाम सामने आया। दिनेश मृतका कमलेश के देवर सुधीर का बेटा है।

पुलिस दिनेश को हिरासत में ले पूछताछ की तो उसने अपनी ताई कमलेश की हत्या की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार कर लिया। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि दिनेश की नजर अपने ताऊ सतेंद्र की गांव स्थित संपत्ति पर नजर थी। दिनेश उस संपत्ति को हथियाना चाहता था लेकिन उसकी ताई कमलेश बाधा बनी हुई थी। यहां तक की कमलेश दिनेश को अपने घर आने से भी रोकती थी। गत छह दिसम्बर देर शाम को कमलेश का पति सतेंद्र बाहर गया हुआ था। कमलेश रसोई में कामकाज को निपटा रही थी। उसी दौरान दिनेश बाइक पर सवार होकर अपने ताऊ के घर पहुंचा। उसने अपने बाइक को गली में खड़ा कर दिया। फिर रसोई में काम कर रही अपनी ताई कमलेश के गले को हाथों से घोंट दिया और तब तक नहीं छोड़ा जब तक कमलेश की जान नहीं निकल गई। वारदात को अंजाम देकर आरोपित दिनेश फरार हो गया। शहर थाना नरवाना पुलिस ने आरोपित दिनेश को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। जहां से अदालत ने आरोपित को एक दिन के रिमांड पर पुलिस को सौंप दिया।

शहर थाना नरवाना प्रभारी महेंद्र ने बताया कि संपत्ति विवाद के चलते भतीजे ने ही अपनी ताई की गला घोंटकर हत्या की थी। आरोपित को अदालत से एक दिन के रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान आरोपित से बाइक व अन्य तथ्यों को जुटाया जाएगा।

Tags

Next Story