राजभवन पहुंचे नवनियुक्त राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय, गार्ड ऑफ ऑनर की सलामी ली

चंडीगढ़। हरियाणा के नव-नियुक्त राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय सोमवार को हरियाणा राजभवन पहुंचे। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने उप-मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला, विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चन्द गुप्ता और मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ राज्यपाल का गर्मजोशी से स्वागत किया। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने नव-नियुक्त राज्यपाल से उप-मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला, विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता और अपने मंत्रिमंडल सहयोगियों का परिचय कराया। नवनियुक्त राज्यपाल के साथ उनके परिवारिक सदस्य भी थे।
तदोपरान्त नव-नियुक्त राज्यपाल ने गार्ड ऑफ ऑनर की सलामी ली और निरीक्षण भी किया। हरियाणा पुलिस अकादमी मधुबन से आए एच.ए.पी. के जवानों ने डी.एस.पी. अभीलक्ष जोशी के नेतृत्व में राष्ट्रीय-धुन बजाकर सलामी दी। इसके बाद नव-नियुक्त राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने मुख्यमंत्री और उनके मंत्रिमंडल सहयोगियों के साथ जलपान भी किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने उन्हें हरियाणा की भूगौलिक, स्कृतिक व ऐतिहासिक पृष्ठभूमि की जानकारी दी। इसके अलावा, उन्होंने राज्य सरकार द्वारा करवाये जा रहे कुछ प्रमुख विकास कार्यों और योजनाओं से भी अवगत करवाया। मुख्यमंत्री ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के तीन तरफ हरियाणा की सीमाएं लगती हैं। कृषि एवं खेलों में हरियाणा की राष्ट्रीय व अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर विशेष पहचान है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेशवासियों के लिए गर्व बात है कि निकट भविष्य में होने वाले खेलो इंडिया यूथ गेम्स की मेजबानी हरियाणा को मिली है। इस अवसर पर स्वास्थ्य एवं गृह मंत्री अनिल विज, शिक्षा मंत्री कंवरपाल, परिवहन मंत्री मूलचन्द शर्मा, सहकारिता मंत्री डाॅ. बनवारी लाल, महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री कमलेश ढांडा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री ओम प्रकाश यादव, खेल एवं युवा मामले राज्य मंत्री संदीप सिंह तथा पुरातत्व एवं संग्रहालय राज्य मंत्री अनूप धानक भी मौजूद रहे।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS