Panipat में नौ वर्षीय बेटे को फंदे पर लटाकर खुद भी झूल गया कपड़ा व्यापारी

पानीपत। पानीपत की वधावा राम कॉलोनी में खन्ना चौक पर कपड़ा कारोबारी पिता ने अपने नौ साल के पुत्र को फंदे पर लटका कर उसकी हत्या कर दी और फिर स्वयं फंदे पर लटकर कर आत्महत्या कर ली। वहीं थाना किला पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना किला प्रभारी संदीप कुमार ने बताया कि कपड़ा कारोबारी 35 वर्षीय मंदीप कुमार का लैगिंग का काम था। इसी काम के साथ साथ लॉकडाउन के दौरान मंदीप ने मास्क का काम भी शुरू किया था।
शुक्रवार दोपहर एक बजे मजदूर खाना खाने के लिए घर चले गए थे। जब एक घंटे बाद लेबर काम पर लौटी तो उन्हें घर लॉक मिला। काफी आवाज देने पर भी किसी ने गेट नहीं खोला तो लेबर ने मालकिन नीति को फोन कर कर सूचना दी। पड़ोसियों ने छत से देखा तो उन्हें भी घर में कोई हलचल दिखाई नहीं दी थी। दोपहर ढ़ाई बजे दरवाजा तोड़ा तो बेटे केतन का शव रस्सी से बने फंदे पर झूल रहा था और फंदा दीवार में लगी खुंटी से बंधा था, जबकि मंदीप का शव पंखे पर बंधे फंदे पर झूल रहा था। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पहुंच गई थी और पहले खुद जांच की और फिर एफएसएल की टीम पर दोनों शवों व घटनास्थल की जांच करवाई।
वहीं मंदीप के परिवार में सात सदस्य है। शुक्रवार को घटना से पूर्व परिवार के पांच सदस्य घर से बाहर थे। मंदीप की मां कमलेश, पिता सतपाल उनके पौते केशव को लेकर गांव डीगए जिला कैथल गए हुए थे। पत्नी नीति उसकी बहन की शादी में शामिल होने के लिए तहसील कैंप के प्रकाश नगर चली गई। वहीं छोटा भाई आनंद कारोबार संबंधी सामान की खरीदारी करने के लिए दिल्ली गया हुआ था। घर में पिता व पुत्र अकेले ही थे।
वार्ड पांच के पार्षद अनिल बजाज ने बताया कि उन्होंने पड़ोसियों की मदद से मंदीप का शव फंदे से उतारा। उस वक्त शरीर गर्म था। उन्होंने हार्ट को दोबारा पंप कराने के लिए पूरे प्रेशर से पंपिंग की, लेकिन उससे कोई फायदा नहीं हुआ। इधर, शुक्रवार की देर शाम तक चली जांच के बाद पुलिस ने पिता व पुत्र के शव का पोस्टमार्टम करवाने के लिए नागरिक अस्पताल के शव गृह में भेज दिया है। शनिवार को पोस्टमार्टम किया जाएगा।
थाना किला के एसएचओ संदीप कुमार ने बताया कि मंदीप के खिलाफ हत्या व आत्महत्या के आरोप में केस दर्ज किया जाएगा। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल में रखवा दिया गया है। पुलिस इस मामले की गहन जांच कर रही है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS