खुशखबरी : अब महेंद्रगढ़ से ही 15 मिनट पहले जान सकेंगे मौसम का हाल, ऑटोमेटिक वेदर स्टेशन स्थापित

खुशखबरी : अब महेंद्रगढ़ से ही 15 मिनट पहले जान सकेंगे मौसम का हाल, ऑटोमेटिक वेदर स्टेशन स्थापित
X
इस वेदर स्टेशन से मुख्य रूप से वर्षा की तीव्रता व मात्रा, हवा की गति व दिशा (3 मीटर व 10 मीटर की ऊंचाई पर), सूर्य प्रकाश की अवधि, अधिकतम तापमान, न्यूनतम तापमान, मृदा में नमी व तापमान (10, 30, 70 व 100 सेंटीमीटर की गहराई पर) हर 15 मिनट में भारत मौसम विज्ञान विभाग और कृषि विज्ञान केंद्र को ट्रांसमिशन के माध्यम से प्राप्त होगी।

हरिभूमि न्यूज : महेंद्रगढ़

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि विज्ञान केंद्र में भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा संचालित जिला कृषि मौसम इकाई (डीएएमयू) परियोजना के अंतर्गत ऑटोमेटिक वेदर स्टेशन (एडब्ल्यूएस) लगाया गया है। केविके के वरिष्ठ संयोजक डॉ. रमेश कुमार ने बताया कि अब से पहले कृषि विज्ञान केंद्र महेंद्रगढ़ को दूसरे संस्थान या स्त्रोत से मौसम की जानकारी प्राप्त होती थी। परंतु अब केंद्र का अपना मौसम स्टेशन है, जो प्रत्येक 15 मिनट के अंतराल से मौसम से संबंधित आंकड़े प्रदान करेगा। जिसका उपयोग अनुसंधान कार्यों एवं कृषकों हेतु संचालित अन्य योजनाओं में भी काफी लाभदायक होगा।

कृषि विज्ञान केंद्र के कृषि मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिवेश चौधरी द्वारा बताया गया कि इस ऑटोमेटिक वेदर स्टेशन से हमें प्रत्येक 15 मिनट के अंदर में हो रहे मौसम के बदलाव की जानकारी प्राप्त होगी। इस वेदर स्टेशन से मुख्य रूप से वर्षा की तीव्रता व मात्रा, हवा की गति व दिशा (3 मीटर व 10 मीटर की ऊंचाई पर), सूर्य प्रकाश की अवधि, अधिकतम तापमान, न्यूनतम तापमान, मृदा में नमी व तापमान (10, 30, 70 व 100 सेंटीमीटर की गहराई पर) हर 15 मिनट में भारत मौसम विज्ञान विभाग और कृषि विज्ञान केंद्र को ट्रांसमिशन के माध्यम से प्राप्त होगी।

डॉ. दिवेश ने बताया कि इस ऑटोमेटिक वेदर स्टेशन से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा इस क्षेत्र के लिए और भी सटीक मौसम का पूर्वानुमान जारी करने में सहायक होगा। उन्होंने बताया कि इस परियोजना के अंतर्गत जिले के कृषकों को प्रत्येक मंगलवार व शुक्रवार को आने वाले पांच दिनों के मौसम पूर्वानुमान पर आधारित कृषि सलाह मोबाइल पर संदेश तथा व्हाट्सएप के माध्यम से प्रदान की जा रही है, मोबाइल आम आदमी की पहुंच में है।

केंद्र से तथा मौसम सेवाओं से जुड़ने के लिए 8901275704 मोबाइल नंबर पर व्हाट्सएप पर अपना नाम, पिता का नाम, गांव का नाम व ब्लॉक का नाम भेज सकते है। मौसम पूर्वानुमान के आधार पर फसलों का चुनाव, किस्मों का चुनाव, कृषि मशीनरी व मजदूरों का प्रबंध, बिजाई के समय, निराई-गुड़ाई करते समय, खाद डालने व रसायनिक छिड़काव करते समय, सिंचाई करते समय, फसल कि कटाई, कढ़ाई, ढुलाई व भंडारण करते समय किसान भाइयों को लाभ मिलेगा। इसी कड़ी में भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा सिफारिश किए गए मेघदूत व दामिनी मोबाइल एप को किसान अपने स्मार्ट फोन पर प्ले स्टोर से डाउनलोड कर मौसम सेवाओं का भी लाभ ले सकते हैं।

Tags

Next Story