यात्रियों के लिए खुशखबरी : अब जींद से चडीगढ़ के लिए सुबह 4 बजे चलेगी रोडवेज की पहली बस

हरिभूमि न्यूज : जींद
सोमवार को जींद से चंडीगढ़ जाने वाले यात्रियों के लिए खुशखबरी है। चंडीगढ़ जाने वाले यात्रियों की संख्या ज्यादा होती है। ऐसे में जींद डिपो के अधिकारियों ने हर सोमवार को सुबह चार बजे चंडीगढ़ के लिए पहली बस निकालने का निर्णय लिया है। जबकि आमतौर पर चंडीगढ़ के लिए पहली बस सुबह साढ़े चार बजे चलती है।
गौरतलब है कि जींद से चंडीगढ़ में काफी लोग निजी व सरकारी विभाग में नौकरी करते हैं जो शुक्रवार व शनिवार को साप्ताहिक अवकाश पर जींद वापस आते हैं। सोमवार को अल सुबह यात्री जींद से चंडीगढ़ के लिए जाते हैं। सुबह साढ़े चार बजे जींद से पहली बस चंडीगढ़ के लिए चलती थी। इस दौरान यात्रियों की संख्या ज्यादा होती है। कई बार भीड़ ज्यादा होने के चलते यात्रियों को सुबह साढ़े चार बजे चलने वाली बस में जगह नहीं मिल पाती थी। सुबह साढ़े चार बजे के बाद चंडीगढ़ के लिए दूसरी बस पांच बज कर 20 मिनट पर चलती है। ऐसे में यात्रियों को दूसरी बस के लिए काफी इंतजार करना पड़ता था।
इस कारण यात्री समय पर सोमवार को अपने कार्यालय नहीं पहुंच पाते थे। इसके चलते यात्रियों की सुविधा के लिए जींद डिपो ने हर सोमवार को सुबह चार बजे पहली बस चलाने का निर्णय लिया है। इसके अलावा त्योहार के चलते दो या तीन दिन की छुट्टियों के बाद भी चंडीगढ़ जाने वाले यात्रियों के लिए सुबह चार बजे पहली बस चलाई जाएगी। इसके अलावा अन्य दिनों में सुबह साढ़े चार बजे पहली बस चलेगी। जींद-चंडीगढ़ रूट पर दस से अधिक बस चलती हैं।
जींद डिपो के डीआई राजबीर ने बताया कि सोमवार को चंडीगढ़ जाने वाले यात्रियों की संख्या ज्यादा होती है। ऐसे में यात्रियों की सुविधा के लिए हर सोमवार को सुबह चार बजे पहली बस चलाने से यात्रियों को लाभ मिलेगा। इसके अलावा त्योहारी छुट्टियों से अगले दिन भी सुबह चार बजे चंडीगढ़ के लिए पहली बस निकाली जाएगी। डिपो का प्रयास है कि यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा मिले।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS