Olympics Indian Medalist : सूरमाओं का शाही स्वागत, बजरंग और रवि दहिया को मां ने खिलाया चूरमा

हरिभूमि न्यूज. सोनीपत
टोक्यो ओलंपिक ( Tokyo Olympics ) में देश के तिरंगे को शान से लहराने की बड़ी वजह देने वाले खिलाड़ियों का स्वागत सोमवार को दिल्ली एयरपोर्ट पर धूमधाम से हुआ। सोनीपत जिले के हॉकी खिलाड़ी सुमित ( Hockey Players Sumit) , महिला हॉकी खिलाड़ी नेहा गोयल ( Hockey Players Neha Goyal ), निशा वारसी ( Nisha Warsi ) व मोनिका मलिक ( Monica Malik ) के साथ-साथ सोनीपत रहने वाले बजरंग पूनिया ( Bajrang Punia) के स्वागत में भी खेल प्रेमियों ने पलकें बिछा दी। हालांकि हॉकी खिलाड़ी निशा वारसी मंगलवार को वतन वापसी करेंगी। एयरपोर्ट पर उत्सव से माहौल के बीच लोगों ने अपने प्रिय खिलाड़ियों का स्वागत किया। हॉकी खिलाड़ी नेहा गोयल, निशा वारसी और मोनिका मलिक के स्वागत के लिए तो सोनीपत से हॉकी खिलाडि़यों का पूरा दल ही एयरपोर्ट पहुंचा हुआ था।
अपने लाडलों के इंतजार में दोनों के परिजन भी एयरपोर्ट पर पहुंचे हुए थे। इनमें से नेहा गोयल की माता तो एयरपोर्ट पर नाचने ही लगी थी। अपनी बेटी की उपलब्धियों पर उन्होंने खुद को गौरवान्वित बताया। वहीं रवि दहिया व बजरंग पूनिया के लिए दोनों खिलाडिय़ों की माताओं ने चूरमा बनाया। दोनों खिलाड़ियों का चूरमा खिलाकर स्वागत किया गया। खिलाड़ियों के परिजनों व खेल प्रेमियों ने देश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों का दिल्ली हवाई अड्डे के बाहर फूल मालाओं के साथ जोरदार स्वागत किया गया।
बजरंग की मां ने बनाया गुड़ का चूरमा
टोक्यो ओलंपिक में देश के लिए कांस्य पदक जीतकर लाने वाले प्रदेश के स्टार पहलवान बजरंग पूनिया के स्वागत के लिए परिजनों ने विशेष तैयारी की है। सोमवार सुबह परिवार ने पहले पूरे घर को तिरंगों से सजाया, उसके बाद पूजा अर्चना की गई। बजरंग की मां ओमप्यारी ने लाडले के लिए अपने हाथों से गुड़ का चूरमा बनाया। उसके बार पूरा परिवार दिल्ली में लाडले का स्वागत करने के लिए हवाई अड्डे पहुंचा। जहां बजरंग का चूरमा खिलाकर स्वागत किया गया।
दिल्ली एयरपोर्ट पर हॉकी खिलाडि़यों के स्वागत के दौरान झूमती हॉकी स्टार नेहा गोयल की माता साथ में सोनीपत की हॉकी खिलाड़ी।
रवि को भी चूरमा खिलाकर किया स्वागत
रवि दहिया के वतन वापसी की सूचना के बाद से परिजन बेटे के स्वागत के लिए विशेष तैयारियों में जुटे रहे। सोमवार को रवि की मां उर्मिला ने बेटे के लिए उसका पसंदीदा चूरमा बनाया। उसके बाद परिजन दिल्ली हवाई अड्डे के लिए निकल गए, जहां बेटे का पसंदीदा चूरमा खिलाकर और फूलमाओं से जोरदार स्वागत किया गया।
खुशी के कारण नाचने लगीं नेहा की माता
भारतीय महिला व पुरुष हॉकी टीम टोक्यो ओलंपिक का सफर पूरा करने के बाद सोमवार शाम को दिल्ली हवाई अड्डे पर पहुंची। जहां दोनों टीमों के खिलाडिय़ों का जोरदार स्वागत किया गया। महिला हॉकी टीम में शामिल सोनीपत की खिलाड़ी नेहा गोयल, निशा वारसी व मोनिका मलिक के स्वागत के लिए उनकी कोच प्रीतम सिवाच, कुलदीप सिवाच, सुनील मलिक, नेहा गोयल की मां सावित्री व हॉकी खिलाड़ी हवाई अड्डे पहुंचे। जहां नेहा गोयल की मां सावित्री खिलाड़ियों के साथ खुशी के मारे नाचने लगी।
आज वतन वापसी होगी निशा की
भारतीय महिला हॉकी टीम की खिलाड़ी निशा वारसी के परिजन लाडली की झलक पाने को लालायित है। निशा के पिता ने बताया कि निशा मंगलवार को सोनीपत पहुंचेगी। जिसके स्वागत के लिए पहले से तैयारियां की जा रही हैं। सभी रिश्तेदार भी घर पहुंचने लगे हैं। बेटी का फूलमालाओं से जोरदार स्वागत किया जाएगा। निशा की मां मेहरून ने बताया कि बेटी को मटर पुलाव बेहद पसंद है। लौटने पर अपने हाथों से बनाकर खिलाऊंगी।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS