खटकड़ टोल पर छड़ी मारने के आरोप का ओमप्रकाश चौटाला ने दिया यह जवाब

खटकड़ टोल पर छड़ी मारने के आरोप का ओमप्रकाश चौटाला ने दिया यह जवाब
X
पत्रकार वार्ता में इनेलो सुप्रीमो ने कहा कि भाजपा सरकार ने जितने भी कानून बनाए हैं उनको योजनाबद्ध तरीके से अदानी और अम्बानी जैसे लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए बनाए हैं।

चंडीगढ़। पूर्व मुख्यमंत्री एवं इनेलो प्रमुख ओमप्रकाश चौटाला ( Omprakash Chautala ) ने कहा कि कृषि के तीन काले कानूनों के खिलाफ आंदोलन में 36 जाति के लोग शामिल हैं, यह कानून बड़े पूंजीपतियों के हितों के लिए बनाए गए हैं। चौटाला ने केंद्र के विरुद्ध तीसरे मोर्चे के गठन का दावा किया और कहा कि इस क्रम में सभी विपक्षी पार्टियों के नेताओं से संपर्क स्थापित करने का काम करेंगे।

पूर्व सीएम ने चंडीगढ़ सेक्टर 9 में स्थित अपने आवास पर भाजपा की राज्य और केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला साथ ही कहा कि हिंदू है, सिख है, मुस्लिम है या इसाई है, एससी है या बीसी, कारखानेदार है या मजदूर है, व्यापारी है या छोटा दुकानदार है, चाहे किसान है या कमेरा है सभी की हालत दयनीय है। राजसत्ता के इलावा समूचे देश के लोग इन कानूनों के विरोध में इकट्ठे हैं। सरकार ने जितने भी कानून बनाए हैं उनको योजनाबद्ध तरीके से अदानी और अम्बानी जैसे लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए बनाए गए हैं। खटकड़ टोल पर छड़ी मारने के आरोप का सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि इस देश में हर ख्याल के लोग हैं और अपनी सोच के मुताबिक निर्णय लेते हैं। जेल से रिहा होने के बाद वह सबसे पहले किसानों को बधाई देने गए थे जिन्होंने इस संघर्ष में इक्ट‍्ठे होकर छत्तीस जात के लोगों को शामिल किया है।

भाजपा-गठबंधन सरकार अत्यंत भ्रष्ट

उन्होंने कहा कि वो भाजपा-गठबंधन सरकार को अत्यंत भ्रष्ट मानते हैं। इस सरकार ने समूचे प्रदेश के हर वर्ग और हर जात के लोगों को बेरोजगार कर दिया है। आज प्रदेश की अर्थव्यवस्था चरमरा चुकी है। उन्होंने कहा कि 2005 में जब उनकी सरकार गई थी तो दो हजार करोड़ रुपए खजाने में छोडक़र गए थे, आज प्रदेश पर भाजपा-गठबंधन सरकार ने लगभग 2.5 लाख करोड़ रुपए का कर्ज लाद दिया है। आज हालत यह है कि कर्मचारियों को तनख्वाह देने के लिए भी हर महीने कर्ज लेना पड़ता है।

2019 के चुनाव में इनेलो से अलग हुई जजपा के बारे में उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति की अपनी सोच होती है, उन लोगों ने क्या सोचकर नई पार्टी बनाई और कौन लोग उसमें शामिल हुए। आज उनमें भगदड़ मची हुई है और उस पार्टी के लोग छोडक़र जा रहे हैं। भाजपा तथा कांग्रेस पार्टी को भी लोग छोड़-छोडक़र जा रहे हैं राजनीति में उतार-चढ़ाव आते-जाते रहते हैं लेकिन आज के दिन जनता जनार्दन के मन और जुबान पर है कि आने वाला समय इनेलो का है।

नीतीश कुमार के साथ सियासी चर्चा करेंगे

तीसरे मोर्चे के गठन पर पूछे एक सवाल का जवाब में कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का फोन उनके पास आया था और वो एक तारीख को उनके निवास पर उनके साथ भोजन करेंगे और जब दो राजनीतिक लोग आपस में मिलकर बैठेंगे तो राजनीतिक चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी से भी उनके पारिवारिक संबंध हैं और वो एक-दूसरे के दुख-दर्द में निरंतर भागीदार हैं।

Tags

Next Story