ओमप्रकाश चौटाला बोले- इनेलो सरकार बनने पर युवाओं को योग्यता के आधार पर देंगे नौकरी, चाहे मुझे फांसी हो जाए

फतेहाबाद : इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला ने कहा कि प्रदेश की जनता बेसब्री से विधानसभा चुनावों का इंतजार कर रही है। आने वाले चुनावों के बाद प्रदेश में इनेलो की सरकार बनना तय है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में इनेलो की सरकार बनने पर हर बच्चे को मुफ्त शिक्षा दी जाएगी। स्कूल में पढ़ने वाला विद्यार्थी अगर बीमार हो जाता है तो उसका मुफ्त इलाज करवाया जाएगा। वोट की राजनीति से परे हटकर हर पढ़े-लिखे युवा को उसकी योग्यता के आधार पर नौकरी देंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने एक साजिश व षड्यंत्र के तहत उन्हें 10 साल जेल भिजवाने का काम किया। 10 साल की बजाय उन्हें साढ़े 10 साल तक जेल में रखा गया। उनका कसूर केवल इतना था कि उन्होंने इनेलो सरकार के समय 3206 पढ़े-लिखे युवाओं को उनकी योग्यता के आधार पर जेबीटी अध्यापक लगाने का काम किया था। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में इनेलो की सरकार बनने पर हर बच्चे को योग्यता के आधार पर नौकरी दी जाएगी, चाहे इसके लिए मुझे फांसी पर ही क्यों न चढ़ा दें। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सम्मान दिवस समारोह रैली की तैयारियों में जुटने और संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। पूर्व मुख्यमंत्री बुधवार को फतेहाबाद की नई अनाज मण्डी में आयोजित इनेलो की राष्ट्रीय और प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए इनेलो सुप्रीमो ने कहा कि हरियाणा में जब भी विधानसभा चुनाव होंगे, इनेलो की सरकार बनेगी। परिवर्तन की यह लहर केवल हरियाणा में ही नहीं रहेगी, दूसरे प्रदेशों के लोग भी इसकी नकल करेंगे। उन्होंने केन्द्र सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि किसान, मजदूरों ने अपनी एकता की बदौलत शक्ति का प्रदर्शन कर इस सरकार को काले कानूनों को बदलने के लिए मजबूर कर दिया। उन्होंने कहा कि हमारे देश की अर्थव्यवस्था खेती पर टिकी है। अगर किसान खुशहाल है तो देश मालामाल है और अगर किसान कंगाल है तो देश का बुरा हाल है। उन्होंने कहा कि आज देश की आर्थिक स्थिति बेहद खराब है। इस सरकार से देश का हर वर्ग दु:खी है। उन्होंने कहा कि यह सरकार नहीं लुटेरों का गिरोह है।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रधान महासचिव एवं विधायक अभय सिंह चौटाला ने कहा कि प्रदेश की जनता मौजूदा सरकार व कांग्रेस से दु:खी है। जनता चौधरी देवी लाल और ओमप्रकाश चौटाला के राज को याद कर रही है। लोग इनेलो से जुड़ना चाहते हैं, एक बार फिर इनेलो की सरकार चाहते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से रैली की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया और कहा कि 25 अगस्त के बाद वे स्वयं फतेहाबाद, रतिया व टोहाना के एक-एक गांव का दौरा कर लोगों को इस रैली का निमंत्रण देंगे वहीं पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला स्वयं 1 से 11 सितम्बर तक दो-दो जिलों की कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करेंगे। पार्टी प्रदेशाध्यक्ष नफे सिंह राठी ने अपने संबोधन में कार्यकर्ताओं से रैली के साथ-साथ आदमपुर उपचुनाव की तैयारियों में भी जुटने का आह्वान किया।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS