ओमप्रकाश धनखड़ और सांसद नायब सिंह सैनी ने दिया किसान की अर्थी को कंधा

ओमप्रकाश धनखड़ और सांसद नायब सिंह सैनी ने दिया किसान की अर्थी को कंधा
X
किसान के अंतिम संस्कार (Funeral) के उपरांत मीडिया से वार्ता में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ (Om Prakash Dhankar) ने कहा कि किसान भरत सिंह राणा के अचानक इस प्रकार से चले जाना न केवल परिवार एवं गांव के लिए दुखदायी है बल्कि भाजपा के लिए भी एक बड़ी क्षति है। किसान भरत सिंह राणा सदैव भाजपा के लिए समर्पित रहे, ऐसे कार्यकर्ता की अकस्मात मृत्यु वेदनापूर्ण है।

अम्बाला/शहजादपुर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ (Om Prakash Dhanka) गांव बड़ागढ़ पहुंचे और किसान भरत सिंह राणा के अंतिम संस्कार (Funeral) में शामिल हुए तथा श्रद्धाजंलि अर्पित करते हुए परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की। इस दौरान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़, सांसद नायब सिंह सैनी, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता संजय शर्मा, जिला प्रधान राजेश बतौरा ने भरत सिंह की अर्थी को कांधा देकर उनके द्वारा पार्टी के प्रति किये गये कार्यों एवं सेवाओं के लिए उन्हें सम्मान दिया।किसान नेता गुणी प्रकाश ने भी अंतिम यात्रा में शामिल होकर श्रद्धाजंलि अर्पित की।

अंतिम संस्कार उपरांत मीडिया से वार्ता में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि किसान भरत सिंह राणा के अचानक इस प्रकार से चले जाना न केवल परिवार एवं गांव के लिए दुखदायी है बल्कि भाजपा के लिए भी एक बड़ी क्षति है। किसान भरत सिंह राणा सदैव भाजपा के लिए समर्पित रहे, ऐसे कार्यकर्ता की अकस्मात मृत्यु वेदनापूर्ण है।

उन्होंने कहा कि कल के घटनाक्रम में जिस प्रकार से ट्रैक्ट्ररों को नुकसान पहुंचाया गया, यात्रा में शामिल कृषि कानूनों के समर्थक किसानों के साथ धक्का मुक्की की गई और इसी दौरान एक किसान भरत सिंह राणा की जान चली गई है। भरत सिंह की मृत्यु ने पूरे हरियाणा को हिला दिया है, इस घटनाक्रम को अंजाम देने वालों की जितनी भी निंदा की जाए वह कम है। उन्होंने कहा कि हांलाकि भरत सिंह राणा के पुत्र की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज किया है। उनका भी यह प्रयास होगा कि परिवार को पूरा न्याय मिले और जो भी आरोपित है उन पर कार्रवाई हो।

ग्रामीणों एवं सरपंच अनिल राणा द्वारा परिवार की मदद करने के अनुरोध पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि वे इस बारे में सरकार से बात करेगें। धनखड़ ने कहा कि लोकतंत्र ने सभी को अपनी बात शांतिपूर्वक तरीके से रखने का अधिकार है। लेकिन गत दिवस नारायणगढ से कृषि कानूनो के समर्थन में भाजपा व किसानों द्वारा निकाली गई ट्रैक्ट्रर यात्रा के विरोध में जिस प्रकार का कुछ लोगों ने तांडव किया वह लोकतंत्र पर हमला है और लठतंत्र है। जिसकी सर्वत्र निंदा होनी चाहिए। उन्होने कहा कि किसान भरत सिंह की मृत्यु किसानों की आर्थिक आजादी के लिए एक बड़ी कुर्बानी है।

कुरूक्षेत्र से सांसद नायब सिंह सैनी ने किसान भरत सिंह राणा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि यह बेहद दुखद घटना है। उन्होंने कहा कि किसान भरत सिंह राणा ने सदैव पार्टी के हित में काम किया। किसान के नाम पर जिन लोगों ने कल गुंडागर्दी की है, उन पर कानून अनुसार कार्रवाई होगी। यह सभी जानते है कि वे लोग कांग्रेस समर्थित और भाकियू (चढूनी ग्रुप) से थे। लोकतंत्र में पक्ष-विपक्ष अपनी बात रखता है लेकिन ऐसा पहले कभी नहीं हुआ और किसान के नाम पर कल जो गुंडागर्दी की गई है उसमें किसान भरत सिंह राणा की जान चली गई है। वे तथा पार्टी भरत सिंह राणा के परिवार के साथ है।

Tags

Next Story