देवीलाल जयंती पर आज चौटाला खानदान में होगी ताकत की जंग, इनेलो और जजपा करेंगी शक्ति प्रदर्शन

देवीलाल जयंती पर आज चौटाला खानदान में होगी ताकत की जंग, इनेलो और जजपा करेंगी शक्ति प्रदर्शन
X
देवीलाल के एक पाेते अभय चौटाला इनेलो के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव हैं तो दूसरे पोते अजय चौटाला ने इनेलो सेे अलग होकर जजपा का गठन किया था।

आज किसानों केे मसीहा और पूर्व उप प्रधानमंत्री स्व. देवीलाल ( Devilal ) का 108वां जन्मदिवस है। जयंती के बहाने उनके खानदान में ताकत की जंग होगी। देवीलाल के परिवार से ही बनी हरियाणा की दो बड़ी पार्टियां अपनी- अपनी ताकत दिखाएंगी। इंडियन नेशनल लोकदल ( INLD ) आज जींद में सम्मान दिवस रैली करेगी तो वहीं जननायक जनता पार्टी ( JJP ) नूंह जिले के गांव हिलालपुर में दिल्ली-मुंबई हाईवे पर देवीलाल की सबसे बड़ी प्रतिमा का अनावरण करेगी। देवीलाल के एक पाेते अभय चौटाला ( Abhay Chautala) इनेलो के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव हैं तो दूसरे पोते अजय चौटाला ( Ajay Chautala ) ने इनेलो सेे अलग होकर जजपा का गठन किया है।

जींद में इनेलो की सम्मान दिवस रैली, कई बड़े नेता आएंगे

इनेलो के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव एवं ऐलनाबाद के पूर्व विधायक अभय चौटाला ने बताया कि जींद की अनाज मंडी में होने वाली सम्मान दिवस रैली प्रदेश ही नहीं देश की राजनीति में बड़ा बदलाव लाएगी। सम्मान दिवस रैली में देशभर से बड़े- बड़े बडे नेता पहुंचेंगे और तीसरे मोर्चा की आगामी रणनीति को भी तैयार करेंगे। रैली में पूर्व प्रधानमंत्री एचके देवगौड़ा, यूपी के पूर्व सीएम मुलायम सिंह यादव, पंजाब के पूर्व सीएम प्रकाश सिंह बादल, जेडीयू के केसी त्यागी, टीएमसी के सिन्हा, जम्मू एवं कश्मीर के पूर्व सीएम फारूख अब्दुला, भाकियू के प्रवक्ता राकेश टिकैत समेत कई बड़े नेता शामिल होंगे। जबकि मुख्य वक्ता के तौर पर पूर्व सीएम ओमप्रकाश चौटाला मौजूद होंगे। अभय चौटाला ने कहा कि देश की जनता बदलाव चाहती है। समय के हिसाब से तीसरे मोर्चे की जरूरत है। पूर्व में स्व. उप प्रधानमंत्री देवीलाल ने विपक्षी पार्टियों को एकजुट कर तीसरे मोर्चा का गठन किया था और सरकार भी बनाई थी। अब पूर्व सीएम ओमप्रकाश चौटाला उन्हीं पार्टियों को जोड़कर तीसरे मोर्चा का गठन करने जा रहे हैं। जिसकी नींव सम्मान दिवस रैली में रखी जाएगी।

जजपा नूंह में स्थापित करेगी देवीलाल की सबसे ऊंची प्रतिमा

जजपा द्वारा आज चौ. देवीलाल की सबसे बड़ी प्रतिमा नूंह जिले के गांव हिलालपुर में दिल्ली-मुंबई हाईवे पर स्थापित की जाएगी। प्रतिमा की कुल ऊंचाई 42 फीट है। जननायक जनता पार्टी के प्रधान महासचिव दिग्विजय सिंह चौटाला ने बताया कि 25 सितंबर को चौ. देवीलाल की जयंती को जेजेपी समेत देश व प्रदेश से चौ. देवीलाल में आस्था रखने वाले उनके अनुयायी हर्षोल्लास से मनाएंगे। उन्होंने बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला के नेतृत्व में दिल्ली-मुंबई हाईवे पर नूंह जिले के हिलालपुर गांव में चौ. देवीलाल की 42 फुट ऊंची प्रतिमा स्थापित की जाएगी जो कि चौ. देवीलाल की अब तक की सबसे बड़ी प्रतिमा होगी। दिग्विजय ने कहा कि इस अवसर पर प्रदेशभर से आए लोग जननायक चौधरी देवीलाल को नमन कर उनके दिखाए रास्ते पर चलने का प्रण लेंगे। इसके अलावा पार्टी द्वारा जिला, हलका व ब्लॉक स्तर पर भी कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जहां पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता ताऊ देवीलाल को याद करेंगे और सामाजिक कार्य भी करेंगे।

Tags

Next Story