Murder : चोरी के शक में युवक को खंभे से बांधकर रातभर पीटा, चाचा को भी बांधे रखा, दर्दनाक मौत

हरिभूमि न्यूज़ : सोनीपत
राई थाना क्षेत्र के गांव झुंडपुर-टांडा औद्योगिक क्षेत्र में युवक को खंभे से बांधकर रातभर पीटा गया। हमलावर उस पर चोरी करने का आरोप लगाकर पूछताछ कर रहे थे। इस दौरान उसके चाचा को भी हमलावरों ने बंधक बनाए रखा। तड़के युवक को खंभे से ही बंधा छोड़कर व उसके चाचा को जान से मारने की धमकी देकर आरोपित भाग गए। गंभीर हालत में युवक को घर ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम को भेजकर पुलिस नामजद आरोपितों की तलाश में छापामारी कर रही है।
टांडा गांव के रहने वाले सतपाल सिंह ने बताया कि उनका बेटा अशोक शुक्रवार शाम को औद्योगिक क्षेत्र में अपने चाचा सिकंदर की चाय की दुकान पर गया था। अशोक हलवाई व पेंट का काम करता था। सिकंदर की दुकान से अशोक को झुंडपुर गांव के दो युवकों ने जबरन उठा लिया। उन्होंने अपने अन्य चार साथियों को बुला लिया। वह अशोक पर चोरी करने का आरोप लगा रहे थे। उन्होंने अशोक के साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। रात को 10 बजे अशोक को बिजली के खंभे से बांध लिया गया। आरोपितों ने अशोक के चाचा सिकंदर को भी बंधक बना लिया। हमलावर युवकों का औद्योगिक क्षेत्र में ढाबा है।
उनका आरोप था कि अशोक ढाबे पर चोरी करने की नियत से गया था। वह रात को करीब तीन बजे तक रुक-रुककर पीटते रहे।उसको लाठियों से पीटा गया।वह करीब तीन बजे अशोक को खंभे से बंधा छोड़कर और सिकंदर को जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। उनके जाने के बाद चाचा सिंदर ने अशोक को खंभे से खोल दिया। वह सहारा देकर अशोक को घर ले गए। वहां पर उसकी हालत बिगड़ गई। परिवार के लोगों ने चिकित्सक को बुलाया। उसने अशोक को मृत घोषित कर दिया। उसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भेजकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस की दो टीम हत्यारोपितों की तलाश को लगाई गई हैं। पुलिस मृतक अशोक के चाचा सिकंदर से भी जानकारी ले रही है।
आरोपिताें के ढाबे को लगाई आग
अशोक की मौत से गांव टांडा में सनसनी फैल गई। गुस्साए ग्रामीणों ने झुंडपुर के आरोपितों के ढाबा को घेर लिया। वहां पर आरोपित युवकों के नहीं मिलने पर आग लगा दी गई। सूचना पर राई थाना पुलिस के साथ ही डीएसपी विपिन कादयान पुलिस बल के साथ गांव में पहुंच गए हैं।क्राइम ब्रांच की पुलिस भी छापामारी कर रही है।
शरीर पर पिटाई के निशान
टांडा गांव में युवक की मौत हुई है। उसके शरीर पर पिटाई के निशान हैं। जानकारी मिली है कि उसको बांधकर पीटा गया है। अभी स्वजन ने शिकायत नहीं दी है। शिकायत के आधार पर यथोचित कार्रवाई की जाएगी। - देवेंद्र कुमार शर्मा, एसएचओ, थाना राई।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS