सराहनीय कदम : सगाई पर वर पक्ष ने वधू पक्ष को भेंट की त्रिवेणी

हरिभूमि न्यूज. जींद
जब बात शादी और दहेज की हो तो हर कोई अपनी हैसियत से बढकर देता है। बावजूद इसके दहेज के नाम पर रिश्ते टूटते रहते है। जींद के सेक्टर सात में दान दहेज का कोई जिक्र न होकर केवल पर्यावरण बचाने का रहा।
सेक्टर सात निवासी कृष्ण दहिया ने अपने बेटे अभिषेक की सगाई पर वधू पक्ष को तीन त्रिवेणी के पौधे भेंट किए और पर्यावरण को बचाने का संकल्प लिया। साथ ही 19 फरवरी को अभिषेक की होने वाली शादी में शामिल होने वाले प्रत्येक व्यक्ति को पौधा गमले के साथ उपहार में दिया जाएगा। कृष्ण दहिया ने बताया कि जिस प्रकार विभिन्न सामाजिक, परिवारिक उत्सवों में हम सब खुशी.खुशी एक जिम्मेवार व्यक्ति के तौर पर अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं उसी प्रकार यदि समाज का प्रत्येक व्यक्ति पर्यावरण संरक्षण को भी अपना नैतिक दायित्व मानते हुए पर्यावरण संरक्षण रुपी यज्ञ में अपनी आहुति निष्ठा एवं दृढ़ निश्चय के साथ डालने का दृढ़ संकल्प कर लें तो निश्चित रूप से हम सब पर्यावरण संरक्षण पर एक जागरूक नागरिक होने का परिचय दें सकते हैं। इसके अलावा पेड़ पौधे हमें आर्थिक, सामाजिक, आयुर्वेदिक व मानसिक शक्ति बल प्रदान कर समाज को जोडऩे का एक प्रेरणादायक संदेश देकर हम सब को कृतार्थ करते हैं।
उन्होंने बताया कि 19 फरवरी रात्रि को बेटे अभिषेक की शादी समारोह के रिसेप्शन कार्यक्रम में आने वाले सभी अतिथियों को गमलों सहित विभिन्न प्रकार के पौधे वितरित कर पर्यावरण संरक्षण हेतु समाज को जागरूक करने का भी अनूठा प्रयोग किया जाएगा। इस दौरान योगाचार्य सूर्य देव आर्य, रणवीर सिंह, जय प्रकाश दहिया, सतबीर आर्य, रामफल दहिया, कर्नल दहिया, सिद्धांत दहिया समेत सर्व समाज के अनेकों गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS