फरीदाबाद : स्टील प्लांट में सिलेंडर फटने से एक श्रमिक की मौत, चार झुलसे

फरीदाबाद : स्टील प्लांट में सिलेंडर फटने से एक श्रमिक की मौत, चार झुलसे
X
डीसीपी जयबीर राठी ने बताया कि दुर्घटना में उपेंद्र यादव, राकेश कुमार, अखिलेश, रंजन घायल हुए हैं। चारों को दिल्ली सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया। दो को उपचार के बाद घर भेज दिया है।

फरीदाबाद। सेक्टर-6 स्थित एक स्टील प्लांट में गैस कटर का सिलेंडर फटने से पांच श्रमिक झुलस गए। एक ने उपचार के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया। चार को दिल्ली सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना से नाराज लोगों ने प्रबंधन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए सेक्टर-7 पुलिस चौकी का घेराव किया।

चावला कालोनी की रहने वाली हामिदा खातून ने बताया कि उसके पति साहिब मियां सेक्टर-6 एक स्टील उद्योग में कार्यरत थे। मंगलवार को ड्यूटी पर गए थे, तो रात को उनके पास एक व्यक्ति आया कि साहिब मियां दुर्घटना में घायल हो गए हैं। बाद में पता चला कि घायलों को सेक्टर-8 अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल गए, तो वहां पर उनके पति की मौत होने की जानकारी मिली। महिला ने आरोप लगाया कि उनके पति की मौत प्रबंधन की लापरवाही के कारण हुई है। लोगों ने उचित कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन भी किया। इन लोगों के साथ निगम वार्ड नंबर-37 के पार्षद दीपक चौधरी भी थे। चौकी पर प्रदर्शन की सूचना मिलने पर थाना सैक्टर-7 के प्रभारी नवीन कुमार और पुलिस उपायुक्त जयबीर राठी भी पहुंचे तथा जानकारी हासिल की।

डीसीपी जयबीर राठी ने बताया कि दुर्घटना में उपेंद्र यादव, राकेश कुमार, अखिलेश, रंजन घायल हुए हैं। चारों को दिल्ली सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया। दो को उपचार के बाद घर भेज दिया है। अन्य दो खतरे से बाहर बताए गए हैं। प्रबंधन के खिलाफ लापरवाही के आरोप में मुकदमा दर्ज करके साहिब मियां का बादशाह खान अस्पताल में पोस्टमार्टम करा दिया गया है।

Tags

Next Story