घर में हो रही थी अफीम की खेती, 200 पौधे बरामद, आरोपी गिरफ्तार

घर में हो रही थी अफीम की खेती, 200 पौधे बरामद, आरोपी गिरफ्तार
X
हरियाणा एंटी नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो को गुप्त सूचना मिली थी कि गांव खेड़ी लक्खासिंह में एक व्यक्ति ने अपने मकान में गुपचुप तरीके से अफीम के पौधे उगाए हुए हैं।

हरिभूमि न्यूज : यमुनानगर/रदौर

हरियाणा एंटी नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने गांव खेड़ी लक्खा सिंह के एक मकान मे उगाए गये अफीम के दो सौ पौधे बरामद किए। ब्यूरो टीम ने अफीम की अपने मकान में खेती करने वाले आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। मौके पर अफीम के पौधो को भी कब्जे मे ले लिया। पुलिस आरोपित को अदालत मे पेश कर पुलिस रिमांड़ की मांग करेगी।

नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो निरीक्षक केवल सिंह ने बताया कि एडीजीपी श्रीकांत जाधव के निर्देशों पर पूरे प्रदेश में नशा विरोधी अभियान चलाया जा रहा है। जिसके तहत नशीले पदार्थो की तस्करी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि गांव खेड़ी लक्खासिंह में एक व्यक्ति ने अपने मकान में गुपचुप तरीके से अफीम के पौधे उगाए हुए है। सूचना पर उन्होंने तुरंत कार्रवाई आगे बढ़ाई और रेड के लिए एक टीम तैयार की।

जिसके बाद टीम गांव खेड़ी लक्खासिंह पहुंची। जहां सूचना के मुताबिक गांव के सचिन नाम के व्यक्ति के मकान पर रेड़ की और जांच के दौरान उन्हें उसके मकान में अफीम के पौधे उगाए हुए मिले। जिनकी संख्या करीब 200 थी। यह फसल अब तैयार ही होने वाली थी। टीम ने मकान में उगाए गए करीब 200 पौधो को उखाड़ कर अपने कब्जे में ले लिया है और सचिन के खिलाफ रादौर पुलिस में मामला भी दर्ज करवा दिया है। सचिन को न्यायालय में पेश कर वहां से इसका रिमांड मांगा जाएगा। ताकि पता लगाया जा सके कि सचिन ने क्या पहले भी इस प्रकार के किसी नशीले पदार्थ की खेती की है और उसके नेटवर्क के साथ और कौन- कौन लोग जुड़े हुए हैं।

Tags

Next Story