Panchayat Election : फतेहाबाद में 1 बजे तक 46 फीसद मतदान, चुनी जा रही गांवों की सरकार

फतेहाबाद। फतेहाबाद जिले में तीसरे तथा अंतिम चरण में जिला की पंचायती राज संस्थाओं के तहत शुक्रवार की सुबह 241 सरपंच पद तथा 753 पंच पद के लिए मॉक पोल के बाद मतदान प्रक्रिया शुरू हुई। मतदान सुबह 7 से शुरू हुआ जोकि शाम 6 बजे तक चलेगा। सुबह मतदान को लेकर ग्रामीणों में काफी उत्साह नजर आया और मतदान प्रक्रिया शुरू होते ही मतदान केन्द्रों के बाहर वोटरों की लाइनें लगनी शुरू हो गई। दोपहर तक जिले में वोटिंग शांतिपूर्ण तरीके से जारी थी। शाम को मतदान के तुरंत बाद मतगणना का कार्य होगा। पहले पंचों तथा उसके बाद सरपंच पदों के लिए डाले गए वोटों की गिनती होगी। पुलिस प्रशासन की ओर से मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं।
जिला में 241 सरपंचों और 753 पंचों के लिए मतदान हो रहा है। जिला में कुल 259 ग्राम पंचायतों के सरपंचों में से 16 सरपंचों और कुल 2684 पंच पदों में से 1847 पंचों का सर्वसहमति से चुनाव सम्पन्न हो गया था। जिला में सात पंचायतें पूर्णरूप से सर्वसहमति से चुन ली गई है, उनमें भोडिया खेड़ा, चपलामोरी, ढाणी ठोबा, बनावाली सौत्र, पूर्ण माजरा, ब्राह्मणवाला प्लाट व रोझावाली में पंच और सरपंचों का सर्वसहमति से चुनाव हो गया था, इस वजह से यहां चुनाव नहीं होगा। गांव लहराथेह, अजीतनगर, भड़ोलावाली, मानकपूर, नूरकीअहली, पिलछिया, भीमेवाला, बाडा, शेखुपुर सौत्र में सरपंच पद का चुनाव सर्वसहमति से हो गया था। गांव काताखेड़ी में सरपंच पद के लिए कोई भी नामांकन प्राप्त नहीं हुआ, इस वजह से वहां पर चुनाव नहीं करवाया जा रहा है। इसके अलावा गांव खाई में भी सरपंच पद को लेकर चुनाव नहीं हो रहा।
दोपहर 1 बजे तक 46 प्रतिशत लोगों ने डाले वोट
जिले में दोपहर 1 बजे तक कुल 46 प्रतिशत लोग अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके थे। जिले में कुल 5 लाख 10 हजार 134 मतदाताओं में से 2 लाख 33 हजार 443 लोगों ने वोट डाले हैं। जिले के भट्टूकलां ब्लाक में कुल 102 बूथ बनाए गए हैं। यहां कुल मतदाताओं की संख्या 78710 है। दोपहर 1 बजे तक यहां 44.1 प्रतिशत 34718 लोग वोट डाल चुके थे। इसके अलावा भूना ब्लाक में कुल 86 बूथ बनाए गए हैं। यहां कुल मतदाताओं की संख्या 74480 है। दोपहर 1 बजे तक यहां 45 प्रतिशत 33518 लोग वोट डाल चुके थे। फतेहाबाद ब्लाक में कुल 132 बूथ बनाए गए हैं। यहां कुल मतदाताओं की संख्या 107268 है। दोपहर 1 बजे तक यहां 44 प्रतिशत 47214 लोग वोट डाल चुके थे। जाखल ब्लाक में कुल 38 बूथ बनाए गए हैं। यहां कुल मतदाताओं की संख्या 33491 है। दोपहर 1 बजे तक यहां 46.4 प्रतिशत 15526 लोग वोट डाल चुके थे। नागपुर ब्लाक में कुल 64 बूथ बनाए गए हैं। यहां कुल मतदाताओं की संख्या 48382 है। दोपहर 1 बजे तक यहां 46 प्रतिशत 22242 लोग वोट डाल चुके थे। रतिया ब्लाक में कुल 98 बूथ बनाए गए हैं। यहां कुल मतदाताओं की संख्या 76682 है। दोपहर 1 बजे तक यहां 47.7 प्रतिशत 36561 लोग वोट डाल चुके थे। टोहाना ब्लाक में कुल 109 बूथ बनाए गए हैं। यहां कुल मतदाताओं की संख्या 91130 है। दोपहर 1 बजे तक यहां 47.9 प्रतिशत 43664 लोग वोट डाल चुके थे।
मतदान केन्द्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
जिले में शुक्रवार को 615 बूथों पर 2460 पोलिंग ऑफिसर चुनाव संपन्न करवा रहे हैं। शांतिपूर्ण चुनावों को लेकर जिला प्रशासन द्वारा 60 ड्यूटी मैजिस्ट्रेट व 69 सेक्टर सुपरवाइजर लगाए गए हैं। सुरक्षा के दृष्टिगत भी व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए है। 2732 सुरक्षा कर्मियों को चुनाव संपन्न करवाने के लिए तैनात किया गया है, इनमें जिला में एक एसपी, सात डीएसपी, डीएसपी के साथ एक सहायक निरीक्षक सहित 15 सुरक्षा कर्मियों का स्टाफ अलग से लगाया गया है। इसके अलावा 50 पैट्रोलिंग पार्टियां बनाई गई है। प्रत्येक पैट्रोलिंग पार्टी में सात सुरक्षा कर्मी तैनात किए गए है। इसके अलावा 17 निरीक्षक, 124 एसआई व एएसआई, 1300 हवलदार व सिपाही तथा 750 होमगार्ड का सुरक्षा दस्ता लगाया गया है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS