चोरों का आतंक : महिला के गले से सोने की चेन झपटी, फरार

हरिभूमि न्यूज. बहादुरगढ़। सेक्टर-9 में अपने मकान के बाहर टहल रही एक महिला के गले से सोने की दो चेन झपट ली गई। बाइक सवार दो बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। महिला ने शोर मचाया और पीछा भी किया, लेकिन झपटमार भागने में कामयाब रहे। महिला की शिकायत पर सेक्टर-9 चौकी पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वारदात कमला देवी के साथ हुई है। दरअसल, कमला देवी दोपहर करीब ढाई बजे अपने मकान के बाहर टहल रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक पीछे से आए। पिछली सीट पर बैठे युवक ने उनके गले से सोने की दो चेन झपट ली। एकाएक हुई वारदात से वह सहम गई। जब तक कुछ समझ पाती, शातिर दूर निकल चुके थे। महिला ने शोर मचाया तो आस-पास लोग इकट्ठे हुए।
इसके बाद पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। महिला कमला देवी की शिकायत पर पुलिस ने छीना झपटी की धारा के तहत केस दर्ज किया है। महिला के अनुसार, अगली सीट पर बैठे युवक ने हेलमेट लगा रखा था। सब कुछ इतनी तेजी से हुआ कि वह बाइक का नंबर तक नहीं देख सकी।
जांच अधिकारी ललित कुमार का कहना है कि केस दर्ज कर लिया गया है। मामले में जांच चल रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। अभी तक आरोपितों के बारे में कोई पुख्ता सुराग नहीं लगा है। जल्द से जल्द उन्हें गिरफ्तार कर वारदात सुलझाने का प्रयास किया जाएगा।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS