Panipat : गोल्डन ब्वाय नीरज चोपड़ा ने एशियाड में जीता गोल्ड मेडल

Panipat : गोल्डन ब्वाय नीरज चोपड़ा ने एशियाड में जीता गोल्ड मेडल
X
  • परिजनों के साथ ग्रामीणों ने मनाया जश्न, बांटे लड्डू
  • परिजनों ने रजत पदक विजेता जेना किशोर की भी सराहना की

Panipat : चीन में चल रहे एशियाड में पानीपत के गोल्डन ब्वाय नीरज चोपड़ा ने एक बार फिर जैवलिन थ्रो में गोल्ड मेडल जीत कर भारत, हरियाणा, पानीपत व अपने गांव खंदरा का नाम दुनिया भर में रोशन किया। नीरज ने पांचवें प्रयास में सबसे ज्यादा 88.88 मीटर थ्रो फेंका। नीरज चोपड़ा का यह सेकेंड बेस्ट थ्रो है। इससे पहले उन्होंने 30 जून 2022 को स्वीडन में स्टॉकहोम डायमंड लीग में 89.94 मीटर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो फेंका था।

नीरज चोपड़ा के गोल्ड जीतते ही उनके पानीपत स्थित घर में जश्न शुरू हो गया। नीरज की जीत पर लोगों ने लड्डू बांटे। सबसे पहले नीरज के दादा धर्म चोपड़ा का मुंह मीठा कराया गया। वहीं नीरज के परिजनों ने घर पर बड़ी स्क्रीन लगा कर मैच दिखाने का प्रबंध कर रखा था, बड़ी संख्या में ग्रामीण नीरज का थ्रो देखने पहुंचे। जैसे ही नीरज का थ्रो प्रथम स्थान पर रहा तो परिजनों व ग्रामीणों ने तालियां बजाकर नीरज का जोरदार अभिनंदन किया। वहीं, नीरज के चाचा भीम चोपड़ा ने कहा कि नीरज ने फोन पर वादा किया था कि वह एशियाड में देश के लिए गोल्ड मेडल जीतेगा। इधर, मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने गोल्ड मेडल जीतने पर उसे बधाई देते हुए कहा कि नीरज पर हरियाणा ही नहीं बल्कि पूरे देश को गर्व है।

आगे भी इतिहास रचेगा नीरज : सतीश

नीरज चोपड़ा के पिता सतीश चोपड़ा ने कहा कि नीरज ने देश के लिए गोल्ड मेडल जीता है। वहीं वह दिन दूर नहीं, जब नीरज 90 मीटर पार भाला फेंकेगा। बेटे ने इतिहास बनाया और आगे भी इतिहास रचेगा। उन्होंने रजत पदक जीतने वाले जेना किशोर की भी सराहना की। दादा धर्म सिंह चोपड़ा ने कहा कि पौते ने एक बार फिर भारत का मान बढ़ाया है। उन्होंने रजत पदक विजेता जेना किशोर को भी सराहा।

यह भी पढ़ें - Sonipat : युवक को गोली मारने की वारदात में शामिल 8 आरोपी गिरफ्तार

Tags

Next Story