Suicide : मां-बाप दिव्यांग, आर्थिक तंगी से परेशान बेटे ने लगा ली फांसी

हरिभूमि न्यूज. जींद
सावित्री नगर में रविवार सुबह एक युवक ने घर में फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या (Suicide) कर ली। मृतक के परिजनों का कहना था कि युवक ने आर्थिक हालातों से परेशान होकर आत्महत्या की है। शहर थाना पुलिस ने मृतक के शव का सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सावित्री नगर निवासी मंथन (20) ने रविवार सुबह अपने कमरे में पंखे में फांसी लगा ली। फंदा मां की चुन्नी से बनाया गया था। घटना का उस समय पता चला जब मंथन की मां बाथरूम से बाहर आई। शोर मचाए जाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और शव को फांसी के फंदे से उतारा। मृतक के मामा राजकुमार ने बताया कि मंथन परिवार का इकलौता चिराग था। मंथन के माता-पिता दोनों दिव्यांग है। पिता विजय झांझ गेट पर खिलौनों की रेहड़ी लगाता है, जबकि मां गृहणी थी। लॉक डाउन के चलते परिवार के आर्थिक हालात गड़बड़ा गए थे। मंथन ने 12वीं कक्षा की परीक्षा दी हुई थी। कामकाज न चलने के कारण मंथन परिवार के हालातों को लेकर मानसिक रूप से परेशान रहता था। उसी परेशानी के चलते उसने फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
शहर थाना के जांच अधिकारी विनित ने बताया कि परिजनों ने मृतक को मानसिक रूप से परेशान बताया। मां-बाप दिव्यांग है और मृतक परिवार का इकलौता चिराग था। शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया गया है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS